आगरा। असम में एनआरसी को लेकर छिड़ी जंग राजनीतिक रंग ले चुकी है। असम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों पर ममता बनर्जी की सरकार की मेहरबानी से नाराज भाजपा युवा मोर्चा ने ममता बनर्जी के साथ-साथ उसका साथ दे रही कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलना शुरु कर दिया है। बुधवार को आगरा कैंट स्टेशन के बाहर भाजपा युवा मोर्चा ने कांग्रेस पार्टी और ममता बनर्जी की सरकार का संयुक्त रुप से पुतला फूंका और अपना आक्रोश व्यक्त किया।
भाजपाइयों का आरोप था कि गृह मंत्रालय की ओर से असम में रहने वाले अवैध रूप से बांग्लादेशियों की जानकारी ममता बनर्जी सरकार को दी गई है लेकिन ममता बनर्जी की सरकार ने अभी तक इस रिपोर्ट पर कोई उचित कार्यवाही नहीं की है। वहीं कांग्रेस भी ममता बनर्जी सरकार का पूरा साथ देने में जुटी हुई है।
युवा मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि ममता बनर्जी की सरकार और कांग्रेस देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रही हैं क्योंकि पिछले दिनों कई अपराधिक घटनाओं में अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी सामने आए थे। नरेश पांडेय ने प्रदर्शन करते हुए साफ कहा कि बांग्लादेश से असम में आए घुसपैठियों को लेकर विपक्ष अपना रुख साफ नहीं कर रही है जिसके कारण देश की सुरक्षा खतरे में पढ़ सकती है।
भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि अगर ममता बनर्जी की सरकार ने जल्द ही घुसपैठियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की तो यह आंदोलन जारी रहेगा।