Home » राहुल गांधी ने आगरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष से फ़ोन पर किया संवाद, दी ये जिम्मेदारी

राहुल गांधी ने आगरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष से फ़ोन पर किया संवाद, दी ये जिम्मेदारी

by admin

आगरा। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने पार्टी को मजबूत करने के प्रयास तेज कर दिए है। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। गुरुवार को आगरा जिले में कांग्रेस पार्टी की स्थिति को जानने के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने फोन पर जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा से वार्ता की।

लगभग 53 मिनट की वार्ता के दौरान पार्टी के दोनों नेताओं ने आगरा जिले में पार्टी संगठन की स्थिति को जाना और बूथ स्तर से पूरे संगठन को मजबूत करने के दिशा निर्देश दिए, जिससे लोकसभा चुनाव में किसी भी तरह की कोई दिक्कत न आये। इतना ही नहीं आम व्यक्ति की हर तरह की समस्याओं के लिए संघर्ष जारी रखने के दिशा निर्देश दिए। पार्टी के मुखिया ने हर व्यक्ति के दुख दर्द में जाने के साथ साथ उसकी आर्थिक मदद पर भी जोर दिया।

संगठन के मजबूती पर जोर देते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा से जिले से तीन जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ताओं के नाम मांगे जिससे वो सीधे इन कार्यकर्ताओ से संपर्क में रहकर जिले में संगठन की स्थिति की जानकारी ले सके और समय समय पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपनी राय दे सकें। जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ऐसे तीन कार्यकर्ताओं के नाम उन्हें उपलब्ध कराए।

राष्ट्रीय नेतृत्व ने वार्ता के दौरान साफ कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के टिकट के निर्धारण में ब्लॉक और जिला अध्यक्षों की सहमति ली जाएगी उसके बाद ही उस कार्यकर्ता का टिकट फाइनल होगा।

इस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने आगरा जिले में हाई कोर्ट की स्थापना, पानी की किल्लत दूर करने के लिए यमुना में बैराज, अन्तरस्ट्रीय हवाई अड्डा और खेल को बढ़ाने के लिए स्टेडियम की मांग को रखा जो लंबे समय से चली आ रही है। शीर्ष नेतृत्व ने इनके लिए जनआंदोलन पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Comment