मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव अड़ूकी (मोहनपुर) में बुधवार शाम पुलिस की गोली से 8 वर्षीय बालक की हुई मौत की गूंज लखनऊ तक जा पहुँची है। खुद प्रदेश मुखिया ने इस मामले का संज्ञान लिया है तो वहीं विपक्षी पार्टियों ने भी प्रदेश सरकार की खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में डेमेज कंट्रोल करने और पीड़ित परिवार को साधने के लिए प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री खुद पीड़ित परिवार के घर पहुँचे जहाँ ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और पीड़ित परिवार को इस मामले की निष्पक्ष कार्यवाही का भरोसा भी दिलाया।
इस बीच ऊर्जा मंत्री को ग्रामीणों का भी आक्रोश झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस मामले को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष कार्यवाही और जांच के आदेश दिए है। दोषी पुलिस कर्मियों को बक्शा नहीं जायेगा। पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सीएम के आदेश है दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय मिलेगा सरकार इस मसले को गंभीरता से ले रही है।