फ़िरोज़ाबाद में चूड़ी जुड़ाई मजदूरों की हड़ताल खत्म होने का नाम ही नही ले रही है। चूड़ी जुड़ाई रेट बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रही मजदूरी की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। सोमवार सुबह चूड़ी मजदूरों ने विशाल रैली निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
विशाल वाहन रैली निकालकर चूड़ी जुड़ाई मजदूरों ने प्रशासन और चूड़ी उद्योगपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में सैकड़ो की संख्या में मौजूद मजदूरों ने कहा कि पिछले काफी समय से वो सभी चूड़ी जुड़ाई से संबंधित रेटों के बढ़ोतरी की मांग कर रहे है। इसके लिए उन्होंने लामबंद होकर हड़ताल भी कर रखी है। सोमवार की सुबह तक इनकी समस्या का निदान न होता दिखा तो आंदोलित चूड़ी जुड़ाई मजदूरों ने सुभाष तिराहे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। करीब 20 मिनट तक आंदोलन करने के बाद चूड़ी जुड़ाई मजदूरों ने प्रशासन और चूड़ी उद्योगपतियों को अल्टीमेटम दिया कि अगर उनकी मांग नही मानी गयी तो आंदोलन जारी रहेगा।
चूड़ी जुड़ाई मजदूरों की हड़ताल को लेकर कई बार प्रशानिक अफसरों के साथ मीटिंग हुई लेकिन नतीजा ढाई के तीन पात रहा। देखना यह होगा कि मजदूरों के हक की लड़ाई आखिर कर रंग लाती है या फिर मजदूरों का आंदोलन एक मजाक बनकर रह जाता है।