Home » महिला कांग्रेस सम्मेलन का हुआ आयोजन, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी जनाधार बढ़ाने पर हुई चर्चा

महिला कांग्रेस सम्मेलन का हुआ आयोजन, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी जनाधार बढ़ाने पर हुई चर्चा

by admin
Women's congress conference organized, in view of assembly elections, discussion on increasing the party base

आगरा। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसलिए कांग्रेस पार्टी भाजपा पर हमलावर होने के साथ-साथ अपने संगठन को भी मजबूत करने में जुटी हुई है। कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों को मजबूत करने की चल रही कवायदों के बीच शनिवार को हरियाली वाटिका में जिला व शहर महिला शहर कांग्रेस का सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर व प्रभारी विद्या नेगी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतिभा पाल एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रीता कठेरिया शामिल हुई।

महिला सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर ने आगरा जिले में 2022 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। उन्होंने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव नजदीक है, महिला कार्यकर्ताओं को भी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी जिससे पार्टी का जनाधार बढ़े और उसका लाभ विधानसभा चुनाव में मिल सके।

उन्होंने शहर व जिला महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी असुरक्षित आधी आबादी, बेरोजगारी, महंगाई चरम पर है और आगरा जिले में भी यही स्थिति है। कानून व्यवस्था के नाम पर दिनदहाड़े लूट, डकैती, हत्या और आधी आबादी के साथ अपराधिक घटनाएं हो रही है। योगी सरकार कानून व्यवस्था के नाम पर यही दे रही है।

महिला शहर अध्यक्ष माया माहौर ने बताया कि पार्टी नेतृत्व से जो कार्यक्रम मिले हैं उन्हें अभियान के रूप में चलाया जाएगा। महंगाई के कारण रसोई का बजट बिगड़ा है। इसके प्रति शहर की महिलाओं को जागरूक किया जाएगा और प्रदेश स्तर पर अभियान चलाकर प्रदेश सरकार की पोल भी खोली जाएगी।

शहर अध्यक्ष माया माहौर ने कहा कि देश और सूबे की सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है लेकिन प्रदेश में इस समय जो कानून व्यवस्था का हाल है वह किसी से छुपा नहीं है। ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री को सोचना चाहिए कि जो नारा हम दे रहे हैं उसे कितना प्रभावी बनाया जा सके लेकिन मुख्यमंत्री का इस ओर कोई ध्यान नहीं है बल्कि वह सिर्फ अपनी राजनीति को बचाने में लगे हुए हैं।

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सचिव प्रेमपाल सविता का कहना था कि आज आयोजित हुए महिला सम्मेलन के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अलग ही जोश देखने को मिला है। उत्साह से लबरेज कांग्रेस महिला कार्यकर्ता अब प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए तैयार हैं, जल्द ही प्रदेश में बढ़ती महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस की ओर से विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चुल्लू ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी अनुभव सिद्धकी, शबाना खंडेलवाल, हाजरा बेगम, पूनम राजकुमारी, बबीता कौशल्या गुड्डू खान और प्रेमपाल सविता मौजूद रहे।

Related Articles