Home » दहेज़ की मांग पूरी न होने पर महिला ने पति पर लगाया तीन तलाक़ देने का आरोप

दहेज़ की मांग पूरी न होने पर महिला ने पति पर लगाया तीन तलाक़ देने का आरोप

by admin

आगरा। तीन तलाक के प्रति सरकार गंभीर है और कानून बनने के बाद भी तीन तलाक के मामले थम नही रहे हैं। नया मामला नाई की मंडी क्षेत्र का है। एक महिला ने अपने पति पर तीन बार तलाक बोलने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की गुहार लगाई है।

कटरा नील निवासी समीरा नाज का निकाह 11 मार्च, 2018 को गूजर तोपखाना, लोहामंडी निवासी मोहम्मद आसिफ से हुआ था। वो डेढ़ साल से मायके में रह रही है। समीरा का आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये के लिए ससुराल वाले आए दिन परेशान करते थे। 22 अक्तूबर, 2018 को उसे घर से निकाल दिया। उसने महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

समीरा का आरोप है कि शनिवार सुबह तकरीबन 10:30 बजे आसिफ और उसका भाई घर आए। दोनों ने गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग आ गए। उनके सामने पति ने साथ रखने के लिए मना कर दिया। तीन बार तलाक बोलकर घर से चला गया।

इस मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मोहल्ले में पड़ताल के लिए गए थे। क्षेत्र के लोगों से बात की। ससुराल पक्ष के लोगों के घर आने की पुष्टि नहीं हुई। तीन तलाक के बारे में भी किसी ने नहीं बताया है। महिला का पहले से दहेज उत्पीड़न का केस चल रहा है, जांच की जा रही है।

Related Articles