आगरा। ‘नगर की ऐतिहासिक रामलीला का एक बार फिर ऑनलाइन प्रसारण किया जाएगा। इस बार श्रीरामलीला कमेटी ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पदम-श्री स्वामी हरगोविंद जी महाराज के निर्देशन में मंचित रामलीला का प्रसारण करने का निर्णय लिया है। यह ऑनलाइन प्रसारण शुक्रवार आठ अक्टूबर से रोजाना शाम सात बजे से किया जायेगा।’ यह जानकारी आज एक पत्रकार वार्ता में श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष व महापौर नवीन जैन ने दी। उन्होंने बताया कि यह ऑनलाइन प्रसारण आठ से 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा। 18 अक्टूबर को श्रीराम के राज्याभिषेक के उपलक्ष्य में भजन संध्या का सीधा प्रसारण होगा।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि कोविड महामारी के कारण पिछले साल और इस साल रामलीला का मंचन सम्भव नहीं हो सका। जिला प्रशासन भी महामारी के कारण विशाल आयोजन को कराने पर सहमत नहीं था। इसलिये इस साल ऑनलाइन रामलीला का निर्णय लेना पड़ा।
18 अक्टूबर को होगी भजन संध्या
मंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि 18 अक्टूबर को श्रीराम के राज्याभिषेक के रूप में भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा। यह भजन संध्या रामलीला मैदान के निकट स्थित राम हनुमान मंदिर पर सायं 6 बजे से होगी। इसके लिये भजन गायक को आमंत्रित किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान उपाध्यक्ष रामकिशन अग्रवाल, विजय गोयल, मुकेश अग्रवाल, राकेश जैन, अतुल बंसल, मनोज अग्रवाल पोली भाई, संजय तिवारी, अंजुल बंसल, राहुल गौतम आदि उपस्थित थे।
ऑनलाइन लीला का कार्यक्रम
इस वर्ष रामलीला के ऑनलाइन प्रसारण का कार्यक्रम निम्न प्रकार है। इनका प्रसारण प्रतिदिन सायंकाल सात बजे से किया जाएगा।
दि. 08-10-2021
गणेशजी की सवारी, नारद मोह, रावण की दुहाई।
दि. 09-10-2021
आकाशवाणी लीला, राम जन्म, सीता जन्म।
दि. 10-10-2021
विश्वामित्र मिलन, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार।
दि. 11-10-2021
धनुष यज्ञ, परशुराम सम्वाद, राम बारात, जनकपुरी महोत्सव।
दि. 12-10-2021
जयंत लीला, सूर्पनखा का आना, खर-दूषण वध, सीता हरण, जटायु मिलन।
दि. 13-10-2021
कवन्ध राक्षस वध, शबरी मिलन, लंका दहन।
दि. 14-10-2021
विभीषण शरणागति, सेतु बन्धन, रावण-अंगद सम्वाद, लक्ष्मण शक्ति।
दि. 15-10-2021
कुम्भकरण वध, मेघनाद वध, रावण वध।
दि. 16-10-2021
भरत मिलाप
दि. 18-10-2021
श्रीराम राज्याभिषेक के उपलक्ष्य में भजन संध्या। (राम हनुमान मंदिर रामलीला मैदान पर)