आगरा। थाना ताजगंज के NTPC में चौकीदार का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव लहूलुहान हालात में मिला जिसे देखकर पता चल रहा था कि चौकीदार की कुछ लोगों ने रात में ड्यूटी के दौरान पीट-पीट कर हत्या कर दी है। क्षेत्रीय लोगों को तक़रीबन सुबह 7:30 बजे इस घटना का पता चला जिसके बाद NTPC के मैनेजर और पुलिस को सूचना दी गयी।
थाना ताजगंज के शमशाबाद रोड पर NTPC का बड़ा कारखाना है जिसमें चितौरा निवासी विष्णु नाम का चौकीदार काम करता है। रोज की तरह विष्णु खाना खाने के बाद अपनी ड्यूटी पर कारखाना पर पहुँच गया था। उसके बाद आज सुबह लोगों ने देखा कि विष्णु का लहुँलुहान शव वहीँ पड़ा हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने NTPC के मैनेजर और परिजनों को सूचना दी। परिजनों को जब जानकारी हुई की विष्णु की हत्या कर दी गयी तो उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए रोड जाम कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और रोड खुलवाया। सीओ सदर उदय राज सिंह ने बताया कि शव का मुआयना करने के बाद लगता है कि कुछ लोगों ने विष्णु की हत्या की है। हत्या का कारण पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने किसी से भी दुश्मनी या रंजिस से इनकार किया है।
वहीँ NTPC में काम करने वाले एक शख्स ने बताया कि चौकीदार विष्णु ने कुछ दिन पहले दो चार लोगों को चोरी करते हुए देखा था और इसकी शिकायत NTPC के अधिकारीयों से कर दी थी। इसलिए संभव है की राज खुलने के डर से उन्हीं लोगों ने विष्णु की हत्या की है।
बहरहाल विष्णु के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दी है और जल्द खुलासे की मांग करते हुए अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की है।