रूस – यूक्रेन के युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे अपने प्रदेश के लोगों को राहत देने के लिए कदम बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे प्रदेश के लोगों से सम्पर्क कराने के लिए दो नोडल अफसर नियुक्त करने के साथ ही हेल्प लाइन नंबर तथा ईमेल जारी किया है। जिस पर संपर्क कर लोग अपने स्वजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद वहां के हालात बिगड़ने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने भी वहां पर अध्ययनरत प्रदेश के छात्र-छात्राओं और कार्यरत उत्तर प्रदेश के लोगों को राहत देने का काम प्रारंभ कर दिया है। कोई भी फ्लाइट का संचालन न होने के कारण केन्द्र सरकार के सामने वहां पर फंसे लोगों को निकालना फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती भी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां पर फंसे प्रदेश के लोगों से सम्पर्क कराने के लिए नोडल अफसर नियुक्त करने के साथ ही हेल्प लाइन नंबर तथा ईमेल जारी किया है। जिस पर संपर्क कर लोग अपने स्वजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रदेश को लोगों को भारतीय दूतावास के जरिए मदद पहुंचाई जाएगी।

प्रदेश सरकार ने यूक्रेन में फंसे लोगों को मदद दिलाने के लिए राहत आयुक्त एवं सचिव राजस्व रणवीर प्रसाद को नोडल अफसर बनाया गया है। वह विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क में हैं और यूक्रेन की राजधानी कीव में भारतीय दूतावास के कर्मियों से उत्तर प्रदेश के लोगों के बारे में जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं। प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में रहने वाले लोग यूक्रेन में फंसे स्वजन की जानकारी प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नम्बर 0522-1070 या फिर 9454441081 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए ईमेल rahat@nic.in पर भी अपनी बात रख सकते हैं।