आगरा। जनपद आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में नाटकीय ढंग से अपहरण की कहानी का सिकंदरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 10 घंटे में पुलिस ने लड़कियों को बरामद कर लिया है। दोनों बहने पढ़ाई पूरी न होने के कारण परिवार से नाराज हो कर चली गई थीं। उनका कहना था कि उनके पिताजी आगे पढ़ाई नहीं कराना चाहते हैं जबकि वे पढ़ना चाहती हैं।
गुरुवार सुबह 9:00 बजे सिकंदरा पुलिस को कार सवारों द्वारा दो बहनों को अपहरण कर ले जाने की सूचना मिली। इस सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने सीसीटीवी चेक कराने के बाद टीमों को इस खुलासे के लिए लगा दिया। 10 घंटे में ही पुलिस ने नाटकीय ढंग से अपहरण की कहानी का पर्दाफाश कर लिया। दोनों बहनों को कमला नगर थाना क्षेत्र के एक होटल से बरामद कर लिया है।
परिवारीजनों के अनुसार सुबह करीब 9:00 बजे वह घर से नाश्ता लेने गई थीं। इसके बाद गायब हो गई। परिवारजनों ने पुलिस को सूचना दी कि सफेद कार में कुछ लोग दोनों बहनों को उठाकर ले गए हैं, इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और घटनास्थल पर पहुंची।
‘भाई हमें बचा ले’ मैसेज से हड़कंप
लड़की के भाई ने पुलिस को बताया कि सुबह 9:02 पर उसकी बहन ने व्हाट्सएप पर मैसेज किए कि ‘भाई हमें बचा ले और जल्दी पुलिस के पास जा।’ इस मैसेज को देख कर परिवारीजनों के होश उड़ गए और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया।
पुलिस की सक्रियता से टली अनहोनी
थाना पुलिस ने सर्विलांस की मदद तो पता चला कि दोनों बहने नाराज होकर ऑटो में बैठ कर चली गई थी जिसके बाद आगरा के ही एक होटल में रुक गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया और अपहरण की झूठी कहानी से पर्दा हटा। इस खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही के साथ एसआई अरुण भाटी, एसआई आशीष त्यागी, एसआई निशामक त्यागी की अहम भूमिका रही।