मथुरा। लोकसभा चुनाव के प्रचार प्रसार के थमने की उल्टी गिनतियां शुरु हो गयी हैं। ऐसे में प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुँचने और अपने लिए समर्थन जुटाने में कोई कोर कसर नही छोड़ रहे हैं। रविवार को मथुरा से भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी के लिए उनके पति यानि फ़िल्म स्टार धर्मेंद्र मथुरा पहुँचे थे। उन्होंने अपनी पत्नी और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मथुरा के कस्बा सौंख के गढ़वाल मैदान में जनसभा को संबोधित किया। सुपर स्टार धर्मेंद्र और हेमामालिनी को एक साथ देखने व सुनने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।सिने अभिनेता धर्मेन्द्र ने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
जनता को संबोधित करते हुए सिने स्टार धर्मेन्द्र ने कहा कि वह भी किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें किसानों की पीड़ा मालूम है। उन्होंने कहा कि देश के किसान, मजदूर व व्यापारियों का उत्थान भाजपा ही कर सकती है। इसलिए एक बार फिर आपको भाजपा की सरकार लानी है।
भाजपा लोकसभा प्रत्याशी हेमामालिनी को जीताकर देश की संसद में भेजे। मथुरा में पिछले 5 वर्षों मे जो विकास की गंगा बही है उसे जारी रखने के लिए हेमामालिनी का जीतना बहुत आवश्यक है।

उन्होंने जनता की मांग पर शोले फिल्म के डायलॉग में हेमामालिनी के वोट मांगे। उन्होंने वीरू के अंदाज में कहा कि अगर आपने हेमामालिनी को वोट नहीं दिया तो सौंख की टंकी पर चढ़ जाऊंगा। जनता की मांग पर शोले के अंदाज में यह डायलॉग बोलकर सिने स्टार धर्मेन्द्र ने जनता का दिल जीत लिया।
उन्होंने कहा कि जनता ने हेमामालिनी को पहले से ज्यादा समर्थन देकर संसद भेजा तो एक बार फिर सौंख आयेंगे। इससे पहले लोकसभा प्रत्याशी हेमामालिनी ने जनसभा को सबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन की शुरुआत राधे राधे से की। इसके बाद क्षेत्र में कराए गए अपने कार्यों को गिनाते हुए खुद के लिए वोट मांगे।