आगरा। एक शोहदे की धमकी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने वाली 12वीं की छात्रा की एसएन में ईलाज़ के दौरान मौत हो गयी। छात्रा ने घर में रखा तेजाब पी लिया था जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी थी। मामले में शोहदे सहित 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
दरअसल मामला आगरा जगनेर रोड स्थित शहरी सीमा से सटे हुए थाना मलपुरा के एक गांव का है। 19 वर्षीय युवती अपने स्वजनों संग करीब 6 महीने पहले लोहामंडी से आकर यहां आकर रहने लगी थी। वह कक्षा 12 वीं में पढ़ती थी। उसे पास में ही रहने वाला हमउम्र युवक परेशान करने लगा। वह छात्रा पर गंदी नीयत रखता था। उसे भगा ले जाने की धमकी देता था। इसका करीब 2 महीने पहले विरोध किया था जिसका युवक पर कोई असर नहीं पड़ा। युवक के स्वजनों ने भी अनसुनी कर दी। इससे युवक के गंदे अरमान और बढ़ने लगे। उसने ताना मारना बंद नहीं किया। इससे युवती तंग आ गई। गुरूवार की रात युवती ने घर में रखा तेजाब पी लिया। तत्काल उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे अस्पताल ले गए थे जहां ईलाज़ में कोई सुधार न होने पर आज उसकी मौत हो गयी।
इस मामले में महिला मजिस्ट्रेट और पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर चुकी है। पीड़िता के पड़ोसी टीटू, उसके पिता चंद्रभान और विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है।