Home » राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह के प्रयास से आगरा में फंसे जम्मू-कश्मीर के हज़ारों लोगों की हुई घर वापसी

राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह के प्रयास से आगरा में फंसे जम्मू-कश्मीर के हज़ारों लोगों की हुई घर वापसी

by admin

आगरा। लॉकडाउन के चलते ताजनगरी में फंसे जम्मू-कश्मीर के मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें घर पहुंचाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर के 1,116 लोगों को उनके घरों तक सकुशल पहुंचाने के प्रयास शुरू हो गया हैं। जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए यह खबर राहत देने वाली है।

जम्मू-कश्मीर भेजने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने बसों के जरिए इन्हें जत्थों में पूरी पाबंदियों और सुरक्षा पहलुओं के साथ भेजना शुरू कर दिया है। यहां से रवाना हुआ पहला जत्था मंगलवार को सायंकाल जम्मू-कश्मीर की सीमा में प्रवेश कर गया था। बता दें कि काफी संख्या में आगरा और आस-पास के जिलों में जम्मू-कश्मीर के श्रमिक काम करते हैं। ये श्रमिक आगरा के शीतगृहों और खंदौली क्षेत्र के खेतों में आलू खुदाई के कार्य में लगे थे। इसके अलावा काफी युवा यहां के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे हैं। अचानक लॉक डाउन होने से सब कुछ बंद हो जाने पर वे यहां बुरी तरह से फंस गए थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद राज्यमत्री चौ. उदयभान सिंह ने शासन स्तर पर उनकी समस्या उठाई। इसके बाद इन लोगों को घर भेजने के प्रयास शुरू हुए। बता दें कि खंदौली क्षेत्र के शीत गृह संचालकों ने मुख्यात सिंह, डूंगर सिंह, कृष्णगोपाल आदि के नेतृत्व में राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के समक्ष यह समस्या उठाई थी। उन्हें बताया था कि यहां ठहरे हुए श्रमिक बुरी तरह से परेशान हैं। इस पर राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह ने जिला उधमपुर (जम्मू-कश्मीर) के राम नगर विधान सभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक रणवीर सिंह पठानिया से संपर्क कर उन्हें आगरा में फंसे हुए लोगों की स्थिति से अवगत कराया जिसके बाद इन लोगों के घर वापसी का रास्ता साफ हुआ है।

जम्मू-कश्मीर के प्रमुख सचिव और नोडल अधिकारी शालीन काबरा ने आगरा में फंसे प्रवासी कश्मीरियों को भेजने के लिए उत्तर प्रदेश शासन से पत्र व्यवहार किया। इस मामले में जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच सहमति बन गई है। जम्मू-कश्मीर के प्रवासियों का पहला जत्था रवाना हुआ तो उसमें शामिल लोग राज्यमंत्री, स्थानीय प्रशासन और सहयोग करने वाले अन्य लोगों का आभार व्यक्त कर रहे थे।

पूर्व विधायक और शीत गृह संचालक मुख्तार सिंह, डूंगर सिंह ने बताया कि शीत गृहों में कुल 540 श्रमिक रह रहे थे। वे सभी घर जाने के लिए बुरी तरह बिलख रहे थे। चौ. उदयभान सिंह के प्रयास के बाद सभी के आधार कार्ड और फोन नंबर संकलित कराए गए। इसके बाद पंद्रह बसों का इंतजाम कर उन्हें वहां भेज दिया गया। अन्य क्षेत्रों से भी जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनके घरों में भेजा गया है। जम्मू-कश्मीर के मजदूरों और छात्र-छात्राओं की घर वापसी होने से राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles