Home » 5 वर्षीय मासूम की सिर कुचलकर की गई हत्या, परिवार में कोहराम, एक युवक हिरासत में

5 वर्षीय मासूम की सिर कुचलकर की गई हत्या, परिवार में कोहराम, एक युवक हिरासत में

by admin

आगरा। लॉक डाउन के बीच जिले में अब आपराधिक घटनाएं बढने लगी है। सोमवार को सैयां थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी तो मंगलवार को थाना सदर में ग्वालियर रोड पर घर के सामने खेलते नर्सरी के छात्र को अगवा कर हत्या कर दी गयी। उसका सिर भारी वस्तु से कुचलने के बाद लाश को सीओडी मैदान की झाड़ियों में फेंक दिया गया। तलाश में जुटे स्वजनों को जब मासूम की लाश मिली तो उसे देखकर काेहराम मच गया। घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी सहित क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गयी और जाँच पड़ताल करते हुए शक के आधार पर बस्ती के ही एक युवक को हिरासत में ले लिया।

घटना सदर थाना क्षेत्र के ग्वालियर रोड स्थित गोपालपुरा की है। गोपालपुरा निवासी गीतम सिंह उर्फ बंटी प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। उनका साढ़े पांच वर्षीय पुत्र वंश नर्सरी का छात्र था। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग साढे़ दस बजे वंश घर के दरवाजे पर खेल रहा था। वो उसे बिस्कुट दिलाने के बाद कूलर सही करने में व्यस्त हो गए। इस दौरान वंश दरवाजे पर खेलता नहीं मिला, लगा कि वह घर के अंदर चला गया होगा। वहीं पत्नी रूबी को लगा कि वह पिता के पास दरवाजे पर खेल रहा है। डेढ़ घंटे बाद जब उसकी कोई आवाज नही सुनी तो शक हुआ। मासूम वंश न घर के दरवाजे पर था और न ही घर के अंदर। मासूम के गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया तो गली में भी अफरा तफरी मच गई। आसपास की गलियों में पीड़ित दंपती के साथ बस्ती के लोग भी उसे खोजने में लग गए लेकिन वंश कहीं नहीं मिला।

मासूम को पीड़ित परिवार और बस्ती के लोग खोज रहे थे। इसी बीच बस्ती के युवक ने एक बच्चे लाश सीओडी मैदान की झाड़ियों में पड़ी होने की बात कही। सभी लोग सीओडी मैदान की झाड़ियों में पहुँचे तो मासूम वंश मृत पड़ा था। मासूम के सिर को भारी वस्तु से कुचला गया था। उसके हाथ- पैरों पर भी चोट के निशान थे। यह देखकर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। बस्ती के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

इस घटना की सूचना पर एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और सीओ सदर विकास जायसवाल मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया तो डॉग स्क्वायड से भी आरोपियों तक पहुँचने के साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार और बस्ती के लोगों से बात की। लोगों ने पुलिस को उस युवक के बारे में बताया जिसने वंश की लाश के बारे में बताया। बस्ती वालों ने पुलिस को बताया कि जिस युवक पर हत्या का शक है, वह झगड़ालू प्रवत्ति का है। उसकी हरकतों से आजिज आकर पत्नी भी छोड़कर जा चुकी है। युवक की पीड़ित गीतम सिंह के परिवार से भी पूर्व में कई बार कहासुनी हो चुकी है।

बस्ती के लोगों व मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बस्ती के ही उस युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया हत्याकांड का जल्दी ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Related Articles