Home » इस बार 7 दिन तक होगा जनकपुरी महोत्सव, अयोध्या मंदिर की तर्ज़ पर बनेगा जनक महल

इस बार 7 दिन तक होगा जनकपुरी महोत्सव, अयोध्या मंदिर की तर्ज़ पर बनेगा जनक महल

by admin

आगरा। संजय प्लेस में सजने जा रही जनकपुरी का महोत्सव आयोजन इस बार 7 दिन तक चलेगा। जनकपुरी आयोजन 8 अक्टूबर, 2023 से शुरू होकर 14 अक्टूबर, 2023 तक चलेगा। यह जानकारी संजय प्लेस स्थित एक रेस्टॉरेंट में दी गयी। इस अवसर पर जनकपुरी आयोजन समिति में नए पदाधिकारियों को भी जोड़ा गया जिनका स्वागत सम्मान किया गया। जनकपुरी महल के लिए संजय प्लेस में पुलिस चौकी के पीछे पार्किंग स्थल को चुना गया है. बता दें कि यहाँ एक शराब की दुकान (लाइसेंस धारक) भी संचालित होती है।

8 अक्टूबर को जनकपुरी में गणेशजी की शोभायात्रा निकाली जायेगी। 9 अक्टूबर को राजा जनक पीएल शर्मा की जनकपुरीवासियों को निमंत्रण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 10 अक्टूबर को सीताजी का डोला निकलेगा, वे जनकपुरी भ्रमण करते हुए गौरा पूजन को जाएंगी। 11 अक्टूबर को सुबह राम बारात की अगवानी होगी और रात में सभी स्वरूप जनकमहल पर विराजमान होंगे। 12 अक्टूबर को भी जनकमहल पर सभी स्वरूप दर्शन देंगे। 13 अक्टूबर को जनकमहल से सीताजी की विदाई की रस्म पूरी होगी। 14 अक्टूबर को जनक महल पर ही महोत्सव के सहयोगियों का सम्मान होगा।

10 अक्टूबर को सीताजी जनकपुरी भ्रमण के बाद संजय प्लेस के सामने एच आई जी फ्लैट्स कालोनी में बने मंदिर में गौरा पूजन करने जायेंगी। 11 अक्टूबर की दोपहर राम-सीता विवाह के प्रतीक स्वरूप तुलसी और शालिग्राम के फेरे की रस्म संजय प्लेस पुलिस चौकी के नजदीक नारायण टावर के मंदिर में पूरी की जायेगी।

पूरे शहर में निकलेगी आमंत्रण यात्रा

महोत्सव शुरू होने से दो या तीन पूर्व पूरे शहर के प्रमुख मार्गों पर आमंत्रण यात्रा भी निकाली जाएगी और शहरवासियों को महोत्सव के लिए आमंत्रित किया जायेगा। जनकपुरी में चार सिंह द्वार बनाए जायेंगे, इसके अलावा दर्जनों स्वागत द्वार भी होंगे।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने जनक महल स्थल पर शराब की दुकान होने के सवाल पर कहा कि इसे हटवाने के लिए हवन- पूजन कर प्रभु से प्रार्थना की जायेगी। तन-मन-धन से प्रभु श्री राम के सभी काम काज किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकी के पीछे जनक महल बनेगा। यहां 800 लोग बैठ सकते हैं। मुरारी प्रसाद ने यह भी बताया कि संजय प्लेस 5 दिन के लिए बंद नहीं होगा। पार्किंग एरिया में स्टॉल लगाए जाएंगे।

मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव में संजय प्लेस नए कलेवर और रंग रूप में नजर आएगा। जनकपुरी इस बार नए रूप में दिखेगी। इतना भव्य आयोजन आगरा के लोग पहली बार देखेंगे। विकास कार्य समय पर होंगे। 101 कन्याओं का विवाह कराकर हम सामाजिक उत्तरदायित्व पूर्ण करेंगे।

जनकपुरी में राजा जनक बने पीएल शर्मा ने बताया कि मीडिया का कार्य महान है। अपेक्षा कि आप सब नारद मुनि की तरह अच्छा कार्य जनकपुरी में करें। हमारे साथी उत्साह के साथ कार्य करते रहें। 1994 में जब संजय प्लेस में जनकपुरी सजी थी तब भी मैं उस समय मौजूद था। तब से इस बार अधिक उत्साह है।

भव्य एवं दिव्य बनेगा मंच

समिति के उपाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि मंच को भव्य एवं दिव्य बनाने पर ज़ोर दिया जा रहा है। सजावट, सफाई, यातायात, साज-सज्जा आदि पर भरपूर काम किया जा रहा है। सभी कार्य समय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे।

संजय प्लेस के लोग उत्साहित

वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा ने कहा कि मुख्य रूप से 3 दिवसीय कार्यक्रमों को कुछ दिन में ही मूर्त रूप दे दिया जाएगा। कलाकरों एवं संबंधित ग्रुप आदि की जानकारी जल्द ही सबके सामने होगी। कुछ बड़े और प्रसिद्ध कलाकारों को बाहर से लाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जनकपुरी से संजय प्लेस के व्यवसायियों का व्यवसाय बढ़ेगा। संजय प्लेस के लोग राम बारात का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।

निष्ठा के साथ श्रीराम के कार्य में आहुति देंगे

महामंत्री हीरेन अग्रवाल ने कहा कि नए पदाधिकारियों को सबकी सहमति से चुन लिया गया है। सभी नए पुराने जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी निष्ठा के साथ प्रभु श्री राम के इस आयोजन में अपनी अपनी आहुति देंगे। इस अवसर पर समिति ने चुने गए पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।

इस दौरान जनकपुरी महोत्सव कार्यकारिणी में शामिल नए पदाधिकारियों का गुलाब की माला पहनाकर स्वागत किया। संरक्षक मंडल में पी के अरोरा, जी पी अग्रवाल, अजय अग्रवाल को शामिल किया गया है। स्वागताध्यक्ष ब्रजमोहन तापड़िया बनाये गये हैं। उपाध्यक्ष सूची में रंजीत सामा, केएन अग्निहोत्री, विनय मित्तल, अनिल रावत, आर एस सेंगर एडवोकेट, आर एम सिंघल, जितेंद्र गर्ग, सत्यपाल अरोरा, अम्बा प्रसाद गर्ग, आलोक अग्रवाल, तपन अग्रवाल, रोहित चतुर्वेदी और नवीन अरोरा को शामिल किया गया है। अशोक जैन, विभु सिंघल, नितिन जौहरी, हरिओम, मुकेश अग्रवाल, चंद्रवीर सिंह फ़ौजदार, राकेश मेहरा संजय अग्रवाल, मनोज जैन को मंत्री पद सौंपा गया है।

Related Articles

Leave a Comment