Home » यमुनापार क्षेत्र में बनेगा तीसरा वॉटर वर्क्स, 624 करोड़ की योजना से घर-घर पहुंचेगा गंगाजल

यमुनापार क्षेत्र में बनेगा तीसरा वॉटर वर्क्स, 624 करोड़ की योजना से घर-घर पहुंचेगा गंगाजल

by admin

आगरा। यमुनापार क्षेत्र के निवासियों के लिए जल्द ही पानी की समस्या का समाधान होने जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजना ‘हर घर तक नल’ के तहत यमुनापार क्षेत्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 624 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। आज केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और एत्मादपुर विधायक डॉ धर्मपाल सिंह ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने बताया कि यमुनापार में पेयजल की गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक को साथ लेकर प्रयास किया गया। जिसके बाद केंद्र सरकार ने यमुनापार क्षेत्र के लिए 570 करोड रुपए की योजना को स्वीकृत किया है, साथ ही एत्मादपुर कस्बे के लिए 45 करोड़ का अतिरिक्त बजट भी पास किया गया है।

प्रोफ़ेसर बघेल ने बताया कि यमुनापार क्षेत्र को दो जोन में विभाजित किया गया है। ट्रांस यमुना जोन में सीता नगर, शाहदरा, एत्माद्दौला, प्रकाश नगर, नवल गंज, कछपुरा, पीला खार शामिल हैं। वहीँ ट्रांस यमुना जोन 2 में ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस वन, नारायच, नगला जमुनी, नगला रामबल, कालिंदी विहार, नाउ की सराय, रवि नगर, फाउंड्री नगर और इस्लाम नगर शामिल है।

विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि यमुना पार क्षेत्र में वाटर वर्क्स बनाने के लिए पोइया घाट पर जमीन देखी गई है। योजना में वर्ष 2055 तक की जनसंख्या के अनुसार प्लानिंग की गई है। इस योजना से एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 3 लाख परिवारों को फायदा होगा। इस योजना के अंतर्गत 3 जलाशय और 14 नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। वर्ष 2024 तक योजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बताते चलें कि यमुनापार क्षेत्र में स्वीकृत की गई इस योजना के तहत वर्तमान में 44 एमएलडी पानी की व्यवस्था की जाएगी। अनुमानतः वर्ष 2040 तक जनसंख्या लगभग 4 लाख होगी तो पानी की मांग 73 एमएलडी होगी। वहीं, वर्ष 2055 तक जनसंख्या लगभग 6 लाख होने पर पानी की मांग बढ़कर 107 एमएलडी हो जाएगी। इन सभी को ध्यान में रखते हुए ही योजना तैयार की गयी है, जिससे भविष्य में 80 एमएलडी तक वॉटर वर्क्स की क्षमता को बढ़ाया जा सकेगा।

मून ब्रेकिंग के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें –
https://chat.whatsapp.com/BpgZvsh7qm0LQz2pRz3FW6

Related Articles

Leave a Comment