Agra. थाना ताजगंज शमशाबाद रोड स्थित गायत्री मधुसूदन गेट बंद कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने 509 के कर्मचारी के घर को अपना निशाना बनाया। घर को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने घर की अलमारी के ताले चटकाए और घर से नगदी और जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घर के ताले टूटे होने पर देखा तो घर में सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की।
घटना ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र की गेट बंद कालोनी गायत्री मधुसूदन फेस-दो की है। पीड़ित विपिन किशोर दुबे 509 में कर्मचारी हैं। विपिन किशोर के मुताबिक 31 जनवरी को वे अपने परिवार के साथ अपने शमसाबाद रोड स्थित नेहरू एन्क्लेव स्थित अपने पिता के घर पर सकट चौथ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। उनके पीछे चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोर घर के दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद कमरे की अलमारियों और उसके लाकर को तोड़ दिया। अलमारी में रखे 70 हजार रुपये, 50 ग्राम सोने के जेवरात, 700 ग्राम चांदी के जेवरात ले गए।
सोमवार देर रात परिवार के साथ घर लौटने पर दरवाजों के ताले टूटे मिलने से उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर देखा तो कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के लाकर में रखा नकदी-जेवरात गायब था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कालोनी के अंदर व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका है।
गेट बंद कालोनी में चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश है। कुछ लोगों का मानना है कि चोरों ने रेकी के बाद घटना को अंजाम दिया है। गेट बंद कालोनी में सभी लोगों का प्रवेश इतना आसान नहीं होता। इससे आशंका है कि चोरों द्वारा पहले रेकी की गई होगी। घर पर ताला लगा देख वहां रात में धावा बोला। पुलिस 30 जनवरी से एक फरवरी के दौरान कालोनी में आने वालों की फुटेज चेक कर रही है।