Home » 1 साल से फरार चल रहे 20 हजार ईनामी बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार

1 साल से फरार चल रहे 20 हजार ईनामी बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार

by admin

आगरा। सराय बेगा में राम सिंह सिंधी नामक युवक की हत्या व लूट के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे 20 हज़ार के ईनामी बदमाश को सिकंदरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिकंदरा पुलिस ने शातिर अपराधी को प्रकाश नगर थाना एत्माद्दौला स्थित उसी के घर से गिरफ्तार किया है। काफी दिनों से यह शातिर अपराधी हत्या व लूट के मामले में फरार चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20 हजार का ईनाम भी घोषित किया था।

सिकंदरा पुलिस ने बताया कि 12 अप्रैल 2019 को सराय बेगा थाना सिकंदरा निवासी रामसिंह सिंधी की हत्या उसी के घर में कर दी गयी थी और लूटपाट कर हत्यारे फरार हो गए थे। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रकाश नगर थाना एत्माद्दौला निवासी रमाकांत का नाम सामने आया था जिसकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे थे लेकिन अभियुक्त फरार हो गया था। रमाकांत के पकड़े ना जाने पर पुलिस की ओर से उस पर ₹20 हज़ार का ईनाम घोषित कर दिया गया था।

सिकंदरा पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि राम सिंह सिंधी हत्याकांड में शामिल रमाकांत अपने घर पर मौजूद है, इस सूचना पर सिकंदरा पुलिस ने दबिश दी तो मौके से ईनामी अभियुक्त को धर दबोचा।

सिकंदर पुलिस ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त रमाकांत ने अपना गुनाह कबूल किया है। उसने बताया कि अपने दोस्त दिनेश के कहने पर लूट के इरादे से उसके साथ इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। लूटपाट करने के दौरान राम सिंह मौके पर आ गया और अपने बचाव के चलते उसकी हत्या की गई। मौके से आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त रमाकांत के निशानदेही पर लूट के आभूषण और हत्या में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई कर उसे जेल भेजा जा रहा है।

Related Articles