Home » 17 सवारियों से भरा लोडिंग टेंपो गिरा नहर में, ग्रामीणों की मदद और पुलिस की सूझबूझ से सभी बचे

17 सवारियों से भरा लोडिंग टेंपो गिरा नहर में, ग्रामीणों की मदद और पुलिस की सूझबूझ से सभी बचे

by admin

आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र की नहर दक्षिणी बाईपास के पास उस समय कोहराम मच गया जब एक बेकाबू लोडिंग टेंपो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। टेंपो के पलटने से उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने मदद के लिए दौड़ लगाई। लोगों ने इस घटना की जानकारी क्षेत्रीय पुलिस को भी दी तो थाना मलपुरा इंस्पेक्टर अपने दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को नहर से बाहर निकाला गया। थाना मलपुरा इंस्पेक्टर ने घायलों को राहत देने के लिए उचित इंतजाम कराए। ग्रामीणों ने नहर से बाहर निकले लोगों को सर्दी से बचाने के लिए आग का इंतजाम किया तो इंस्पेक्टर मलपुरा ने सभी के लिए कपड़ों का इंतजाम कराया और ईलाज के लिए धनौली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

मामला रविवार रात का है। मलपुरा थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाईपास नहर की घटना है। बताया जाता है कि मुकेश कुमार निवासी भगवती विहार बोदला अपने परिवार के सदस्यों के साथ लोडिंग टेंपो से केला देवी दर्शन के लिए गया था। माता रानी के दर्शन कर लौटते वक्त दक्षिणी पाई पास नहर के पास लोडिंग टेंपो अचानक से अनियंत्रित हो गया और नहर में जा गिरा। टेंपो में करीब 17 लोग सवार थे जो टेंपो के साथ नहर में जा गिरे। नहर में गिरते ही लोगों की चीख-पुकार मचने लगी। लोगों की मदद के लिए ग्रामीणों ने दौड़ लगाई और मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। टेंपो में 7 बच्चे 5 महिलाएं और 5 पुरुष मौजूद थे। नहर का पानी ठंडे होने के कारण थाना मलपुरा इंस्पेक्टर महेश कुमार ने लोगों को राहत देने के लिए आग का इंतजाम किया तो छोटे-छोटे बच्चों के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराएं और उसके बाद सभी को इलाज के लिए धनौली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

मलपुरा थाना इंस्पेक्टर महेश यादव ने बताया कि सभी लोग देवी मैया के दर्शन करके लौट रहे थे। नहर के पास टेंपो अनियंत्रित हुआ और नहर में पलट गया जिसके कारण सभी लोग नहर में जा गिरे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और ईलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के इस कार्य की भी सराहना की। उनका कहना था कि तत्काल सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़ितों को राहत देने के लिए उचित इंतजाम किए।

Related Articles