Home » आगरा बृज फेस्ट में बिखरेगी बृज लोक संस्कृति की रंगत, जमकर थिरकेंगे शहरवासी

आगरा बृज फेस्ट में बिखरेगी बृज लोक संस्कृति की रंगत, जमकर थिरकेंगे शहरवासी

by pawan sharma

 
आगरा। ताजनगरी में बृज की रंगत बिखरेगी। नौ सितंबर को पहली बार अपने शहर में ‘आगरा ब्रज फेस्ट’ का आयोजन किया जा रहा है। फेस्टिवल में बच्चों और महिलाओं के लिए तमाम प्रतियोगिताएं सहित कई आकर्षण रहेंगे। बुधवार को प्रेसवार्ता में इस समारोह की जानकारी दी गई।

बल्केश्वर स्थित सेंट एंड्रूज स्कूल में आहूत प्रेसवार्ता में निदेशक डॉ. गिरधर शर्मा ने बताया कि ताजनगरी में पहली बार आयोजित होने वाले इस फेस्ट से सैकड़ों लोग जुड़ रहे हैं। यह फेस्ट शहर की तमाम संस्थाओं व आमजन को समर्पित है। रुद्रा संस्था के अध्यक्ष डा. पार्थसारथी शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आगरा बृज फेस्ट का आयोजन रविवार, नौ सितंबर को सेंट एंड्रूज सीनियर सेकेंड्री स्कूल (कर्मयोगी एन्कलेव, कमला नगर) में किया जाएगा। बच्चों से लेकर हर आयु वर्ग के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को दोपहर 11 बजे से कार्यक्रम व प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। बच्चों के लिए ड्राइंग, फेंसी ड्रेस व महिलाओं के लिए मेहंदी, ग्रुप सिंगिंग, ग्रुप डांस, ब्रज क्वीन कांटेस्ट का आयोजन किया जा रहा है।

रुद्रा संस्था की महामंत्री प्रभजोत कौर, उपाध्यक्ष अमित पंडित, यशवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में तमाम बच्चों और महिलाओं की एंट्री प्राप्त हुई हैं। बृज क्वीन प्रतियोगिता के लिए सात सितंबर को सेंट एंड्रूज में ही ग्रूमिंग दी जाएगी। वहां प्रतियोगिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी। आयोजन से जुड़े अग्रवाल एंड सिंह ईवेंट्स के निदेशक पीयूष अग्रवाल, कपिल, समन्वयक मीतेन रघुवंशी ने बताया कि आगरा बृज फेस्ट में प्रतियोगिताओं के अलावा स्टाल्स भी आमंत्रित की गई हैं। महिलाएं यहां अपने उत्पाद प्रदर्शित कर सकती हैं। साथ ही खान-पान व बच्चों के लिए गेम जोन भी लगाई जा रही है। फेस्टिवल में कई अन्य आकर्षण भी रहेंगे।

आगरा ब्रज फेस्ट का मुख्य आकर्षण ‘कवयित्री सम्मेलन’ रहेगा। प्रतियोगिताओं के बाद शाम को पांच बजे से शहर व अन्य महानगरों से आ रहीं कवयित्री अपना काव्यपाठ प्रस्तुत करेंगी। यह कार्यक्रम भी सेंट एंड्रूज स्कूल की कमला नगर शाखा में आयोजित किया जा रहा है।

बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता की थीम ‘मेरे सपनों की स्मार्ट सिटी’ रहेगी। वहीं, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता की थीम ‘ब्रज की लोक संस्कृति’ है। ब्रज क्वीन की थीम भी ब्रज और समूह नृत्य व समूह गायन की थीम भी परम्परागत लोक संगीत ही रहेगी।

प्रेसवार्ता के दौरान अमित कथूरिया, दीपक सरीन, डॉ. शोनू महरोत्रा, उर्मिला अग्रवाल, डॉ. ह्रदेश चौधरी, मधु गुप्ता, शैली माट्टा नीरू कंधारी, अनुराग, सुनिधी गुप्ता, कविता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment