आगरा। सदर थाना क्षेत्र के उखर्रा स्थित 16 बीघा क्षेत्र में उस समय अफरा तफरी मच गई जब शौच के लिए जाते लोगों ने एक किशोर का शव पड़ा हुआ देखा। शव को देखकर लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, लोगों द्वारा शव की पहचान होने पर मृतक के परिजनों को भी इस घटना से रूबरू कराया गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस व फोरेंसिक टीम इस हत्याकांड के खुलासे में जुट गयी है। शव जिस स्थिति में मिला है उससे साफ है कि सिर पर प्रहार करके निर्मम तरीके से उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से मृतक बालक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

घटना थाना सदर क्षेत्र के बड़ा उखर्रा स्थित 16 बीघा भट्टा की है। बताया जाता है कि मृतक के पिता 509 में कर्मचारी है तो मृतक डल्लू एसी का काम करता था। लोगों ने बताया कि शौच को जाते समय झाड़ियों में शव पड़ा हुआ था। शव को देख लोगों की भीड़ जमा हो गयी। शव की शिनाख्त लोगों ने डल्लू पुत्र सज्जन निवासी प्रेम नगर के रूप में की। लोगों ने पुलिस व मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुँचे एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे ने मृतक किशोर के परिजनों से वार्ता कर जानकारी जुटाई तो मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है, उन्हें लगा कि उनका बेटा ऊपर छत पर सो रहा है।
पुलिस के आलाधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जानकारी मिली है कि मृतक रात में घर से निकला है जिसकी जानकारी माता पिता को नही थी। किशोर की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है जो जांच कर रही है। वही इस मामले में लगी पुलिस भी लोगों से पूछताछ कर रही है, जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।