Home » कांग्रेस अनुशासन समिति की कार्यवाई से मचा हड़कंप, 12 वरिष्ठ नेताओं को किया पार्टी से बाहर

कांग्रेस अनुशासन समिति की कार्यवाई से मचा हड़कंप, 12 वरिष्ठ नेताओं को किया पार्टी से बाहर

by admin

आगरा। कांग्रेस हाईकमान पर वरिष्ठ कांग्रेसियों की अनदेखी कर नए चेहरों को पद और दायित्व सौंपने का विरोध कर रहे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पार्टी हाईकमान ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ल की ओर से एक पत्र जारी किया गया है जिसमें आगरा शहर के 12 वरिष्ठ कांग्रेसियों को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ल का यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। इस पत्र ने आगरा शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा दिया है तो जो कांग्रेस कार्यकर्ता हाईकमान पर अनदेखी और कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगा रहे थे उन्हें कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ल के इस पत्र में साफ लिखा है कि “समाचार पत्रों के माध्यम से उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने संज्ञान में लिया है कि आप लोगों के द्वारा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्णय का खुले रुप से विरोध किया जा रहा है। इतना ही नहीं आप लोगों के द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति का गठन कर स्वयं जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई जो समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है इससे सार्वजनिक तौर पर कांग्रेस पार्टी की छवि धूमिल हुई है। यह कार्य अनुशासनहीनता में आता है। इसीलिए सभी को कांग्रेस संविधान की अनुशासनात्मक धाराओं के अंतर्गत आप सभी को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है”

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ल की ओर से वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी जमील उद्दीन, अरविंद दोनेरिया, नदीम नूर, शिल्पा दीक्षित, संजय शर्मा, भानु भदौरिया, राघवेंद्र सिंह मीनू, रमेश पहलवान, दिलीप वर्मा, के पी सिंह चंदेल, ईशु जैन और अंशुल जादौन शामिल है।

Related Articles