आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव रायभा में उस समय स्थिति विवादास्पद हो गयी जब तालाब की जमीन पर ग्रामीणों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लगा हुआ देखा। डॉ. भीमराव की प्रतिमा को लगा देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुँच गए। ग्रामीणों के आक्रोश को देख पुलिस व प्रशासन ने तालाब की जमीन से प्रतिमा को तुरंत हटवाया और इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

घटना बुधवार की है। बताया जाता है कि गांव रायभा में तालाब की इस जमीन को दो साल पहले तत्कालीन एसडीएम किरावली ने अतिक्रमण मुक्त कराया था। इस जमीन पर अवैध रूप से मकान बने हुए थे लेकिन मंगलवार रात को इसी जमीन पर अचानक कुछ लोगों ने आंबेडकर की मूर्ति लगवा दी। बुधवार सुबह करीब सात बजे लोगों को इस मूर्ति की जानकारी हुई तो मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगो में आक्रोश पनपने लगा और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी। मौके पर एसडीएम किरावली महेश कुमार गुप्ता, सीओ अछनेरा बीएस वीर कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।
ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन के सामने ही इस प्रतिमा को हटाए जाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस व प्रशासन नेे प्रतिमा को तत्काल हटाने का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद प्रतिमा को हटवा दिया गया और शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इस मामले में एसडीएम किरावली महेश कुमार गुप्ता का कहना है कि तालाब की जमीन पर रात को लगाई गई आंबेडकर प्रतिमा को हटवा दिया है। गांव में अब शांति का माहौल है।