आगरा। हैदराबाद की घटना को लेकर असुरक्षा की भवनाओं से आहत शहर कामकाजी महिलाओं और युवतियों के लिए अच्छी खबर है। ऐसी महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसपी बबलू कुमार ने अपने कंधों पर उठाई है। कामकाजी महिलाएं जो रात को घर लौटती है और उन्हें किसी तरह की परेशानी है तो उनकी मदद व सुरक्षा महिला पीआरवी करेगी। इसके लिए एसएसपी बबलू कुमार के लिए महिला पुलिस रिस्पोंस व्हीकल (पीआरवी) गठित कर दी गई हैं।
इस आदेश के अनुसार रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक सड़क पर अकेली महिलाओं को मदद मिलेगी लेकिन इसके लिए उन्हें यूपी 112 पर कॉल करके सुरक्षा मांगनी होगी। सूचना मिलने पर महिला पीआरवी मौके पर पहुंचकर महिला को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाएगी।
एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि जिले में 70 पीआरवी हैं। इनमें से दस फीसद यानी सात महिला पीआरवी बनाई गई हैं। इनमें चालक समेत दो पुलिसकर्मी पुरुष होंगे और दो महिला कांस्टेबल रहेंगी। इस तरह एक पीआरवी पर चार पुलिसकर्मी रहेंगे। महिला पीआरवी पर तैनाती वाली महिला और पुरुष कांस्टेबल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सामान्य तौर पर ये गश्त करेंगे। आवश्यकता होने पर ये महिला पीआरवी अन्य पीआरवी को बैकअप भी देंगी।