आगरा। किसान आंदोलन को समर्थन देकर पूर्व में आगरा शहर में जोरदार प्रदर्शन कर चुकी समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर आज 14 दिसंबर को फतेहाबाद रोड पर ऐलान करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर लेट गए और नारेबाजी करते हुए किसान बिल को वापस करने की मांग करने लगे। क्योंकि शहर में पहले से ही कर्फ्यू लागू कर दिया गया था इसलिए पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को अपने हिरासत में ले लिया और बसों में ठूंस कर अपने साथ ले गई।

गौरतलब है कि किसान बिल के विरोध में कई किसान संगठनों के नेताओं ने 14 दिसंबर को बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन, आंदोलन और चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी। इसका समर्थन करते हुए आगरा में भी विपक्षियों ने कलेक्ट्रेट और तहसील सदर पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इस ऐलान के बाद पुलिस रविवार रात से ही सतर्क हो गई थी और सोमवार तड़के सुबह कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया था।
वहीं समाजवादी पार्टी कार्यालय फतेहाबाद रोड पर आज सुबह ही प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। वहां पर पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। इसके बावजूद सपा कार्यकर्ता जैसे ही तहसील की ओर प्रदर्शन करने के लिए आगे बढ़े, तभी उनकी वहाँ मौजूद पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता वहीं सड़क पर लेट गए और फतेहाबाद रोड जाम कर दिया। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है।