फ़िरोज़ाबाद। थाना पचोखरा में उस समय हड़कम्प मच गया जब दरोगा की पिस्टल से गोली चल गई और उसमें एक सिपाही बुरी तरह घायल हो गया। आनन फानन में थाने में मौजूद पुलिसकर्मी घायल सिपाही को एफएच मेडिकल कॉलेज ले गए और प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
मामला पचोखरा थाने का है। बुधवार सुबह थाने में एसआई कृपाल सिंह के साथ सिपाही भी मौजूद थे। एसआई कृपाल सिंह अपनी पिस्टल को साफ कर रहे थे तभी पिस्टल से गोली चल गई और गोली पास में ही खड़े सिपाही नरेंद्र सिंह के हाथ में जा लगी। गोली लगने से सिपाही लहूलुहान हो गया। गोली चलने और सिपाही के गोली लगने से थाना परिसर में खलबली मच गई। आनन फानन में सिपाही को एफएच मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया गया है।
इस घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप और एसपी सिटी भी मौके पर पहुंच गए थे। एसपी सिटी बताया कि इस घटना के जांच के आदेश दे दिए गए है। उन्होंने बताया कि थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर कृपाल सिंह अपनी पिस्टल की नाल साफ कर रहे थे। लापरवाही के चलते उसमें एक गोली फंसी रह गई थी जो साफ करते समय चल गई। गोली समीप खड़े सिपाही के हाथ में लग गई। सिपाही को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।