आगरा। जिंदगी अमूल्य है। छोटी सी गलती कहीं इस जिंदगी को खत्म ना कर दे। इसके लिए वर्षों से सेवा आगरा संस्था की ओर से दो पहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के प्रति जागरुक बनाया जा रहा है लेकिन करवाचौथ के पावन पर्व पर संस्था ने कुछ अलग ही तरीके से अपने इस अभियान को चलाया।
संस्था की ओर से सुल्तानगंज फ्लाईओवर के नीच हेलमेट पहनने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया। संस्था की ओर से करवाचौथ के पावन पर्व पर अपने परिवार के साथ बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चला रहे वाहन चालकों को रोका और उन्हें हेलमेट गिफ्ट किया। इतना ही नहीं वाहन चला रहे युवक को उंसकी पत्नी से हेलमेट पहनवाया और करवाचौथ पर पत्नी के माध्यम से संकल्प दिलाया कि वो दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनेंगे। सेवा आगरा संस्था ने यह संकल्प उनकी पत्नी की ओर से करवा चौथ पर उपहार के रूप में दिया।
संस्था के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल का कहना था कि आज करवाचौथ के रंग हैलमेट के संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से दो पहिया वाहन चालकों से अपील की गई कि दो पहिया वाहन चलते समय अपने परिवार और पत्नी के लिए हेलमेट जरूर लगाए। जिससे कोई अप्रिय घटना होने पर आप सुरक्षित रहे।
सुमन गोयल का कहना था कि इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं ने ही अपने पतियों को हेलमेट पहनाए है और यही करवाचौथ पर गिफ्ट लिया है। फिलहाल संस्था ने जीवन बचने की इस मुहिम को जारी रखने की बात कही है जिससे छोटी सी जागरूकता लोगों की जिंदगी बचा सके।