फिरोजाबाद। रविवार सुबह थाना नसीरपुर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर उस समय कोहराम मच गया जब एक स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिसमें सवार एक महिला व एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि दो बच्चे व अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिया।
घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की है। कानपुर की ओर से तेज गति से आ रही स्कार्पियो अचानक से अनियंत्रित हुई और पलट गयी। स्कोर्पियो के पलटते ही उसमें सवार लोगों की चीखे निकलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने दौड़ लगाई और थाना पुलिस को सूचित कर बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुँच गयी और घायलो को जिला अस्पताल पहुँचाया वही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम ग्रह भेज दिया।
बताते चलें कि कानपुर के ई ब्लाॅक किदवई नगर निवासी गौरव उर्फ आशू गुप्ता अपनी 35 वर्षीय पत्नी रिंकी व परिवार के ही 55 वर्षीय छेदीलाल पुत्र कालूराम, कानपुर के महाराजपुर निवासी 20 वर्षीय आदित्य पुत्र प्यारेलाल व दो बच्चों संग स्कार्पियो द्वारा तीर्थ यात्रा को बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम गए हुए थे वहां से यह परिवार स्कार्पियो द्वारा लौट रहा था तभी एक्सप्रेस वे पर यह हादसा हो गया।
इस हादसे में छेदीलाल और रिंकी की मौके पर ही मौत हो गयी। पहले सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। यहां से आदित्य को जिला अस्पताल लाया गया। बाकी अन्य को किसी और अस्पताल में भर्ती कराया गया।