Home » काँग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर निकाली गयी संदेश पद यात्रा, भाजपा सरकार पर बरसे कांग्रेसी

काँग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर निकाली गयी संदेश पद यात्रा, भाजपा सरकार पर बरसे कांग्रेसी

by admin
Sandesh Pad Yatra taken out on the 136th Foundation Day of Congress, Congressmen lashed out at BJP government

Agra. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से कांग्रेस सन्देश पद यात्रा का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय संदेश यात्रा का शुभारंभ बल्केश्वर चौराहा से किया गया। शहर कांग्रेस की यह संदेश बल्केश्वर से कमला नगर, मुगल रोड, सुल्तान गंज की पुलिया होते हुए अब्बू लाला की दरगाह पर समाप्त हुई।

सोमवार को कांग्रेस संदेश यात्रा का शुभारंभ शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने बल्केश्वर चौराहा कांग्रेस के झंडारोहण के साथ की जिसके बाद संदेश यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान शहर अध्यक्ष ने सरकार और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज सरकार पूरी तरह से आरएसएस बीजेपी के इशारे पर जनभावनाओं को कुचल रही है। लोकतंत्र के चारों स्तम्भ को अपने दबाव में लेकर देश में अघोषित आपात काल लगाया हुआ है। भाजपा को पूरे देश में कहीं भी चुनावी रैलियां करने की इजाज़त है, इनके लिए कोरोना नहीं है, अगर कोई दूसरा राजनैतिक दल इनके विरुद्ध आवाज़ उठाना चाहता है, रैली करना चाहता है तो कोरोना का हवाला देकर उसकी आवाज को दबाया जा रहा है।

गौ माता की हत्या गौ शालाओं में हो रही है और गौ माता के नाम पर बीजेपी सरकार चारा घोटाला कर रही है, यह देश के लिए शर्मनाक है। गौ माता की रक्षा करने की आवाज को उठाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पुलिस प्रशासन योगी जी के इशारे पर गिरफ्तार कर लेती है, ये सरकार पूरी तरह से देश के लोकतंत्र का गला घोंटने पर अमादा है।

वर्तमान सरकार की इन कमियों से देश की जनता को रूबरू कराने के लिए कांग्रेस की ओर से संदेश यात्रा शुरू की गई है। यह यात्रा 3 दिनों तक चलेगी। शहर कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता आम जनमानस के घर पहुंच भाजपा की जन विरोधी नीतियों से रूबरू कराएगा जिससे जनता को भाजपा की असलियत मालूम हो सके।

निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित की ओर से बाह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ अभय पुरा गांव से किया गया जो डेरेक बिजौली गांव होते हुए केंजरा रोड, बाह नगर में होती हुई गंज मोहल्ला कांग्रेस कार्यालय पर संपन्न हुई। यहां पर ध्वजारोहण कर वरिष्ठ कांग्रेसियों का सम्मान भी किया गया।

निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने कांग्रेस के स्थापना दिवस पर प्रकाश डाला और पार्टी की उपलब्धियों व देशहित में किये गए कार्यो से सभी को रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि आज देश को कांग्रेस की जरूरत है। देश के लिए कांग्रेस ने जो योगदान किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता है लेकिन आज मोदी सरकार सिर्फ अमीरों के बारे में ही सोच रही है। आज किसान बदहाल स्थिति में है एक माह से सड़कों पर डेरा जमाए हुए हैं लेकिन सरकार उनको सुनना ही नहीं चाहती है।

इस दौरान महिला शहर अध्यक्ष माया माहौर और प्रेम सिंह सविता ने कहा कि भाजपा पूरे देश पर अपनी हुकूमत चाहती है, इसीलिए विभिन्न तरीकों से भोली भाली जनता को गुमराह कर रही है। आम जनमानस को कांग्रेस की असलियत से रूबरू कराने के लिए भी इस यात्रा का आयोजन किया गया है।

Related Articles