Agra. बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी आगरा पहुँचे। उन्होंने फतेहपुर सीकरी में आशीर्वाद पथ रैली को संबोधित किया। जयंत चौधरी को अपने बीच पाकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओ के साथ ग्रामीण भी काफी उत्साहित नजर आए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया। जयंत चौधरी को सुनने और देखने के लिए भीड़ का हुजूम उमड़ पड़ा।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताया। उनका कहना था कि देश एवं प्रदेश में किसान बिजली की मार झेल रहा है लेकिन बीजेपी सरकार किसानों को बिजली के बिल में राहत देने की बजाय उनकी परेशानी और बढ़ा रही है। जयंत चौधरी ने कहा कि बिजली में नया कानून लाकर बीजेपी ने किसानों को पूरी तरह से बर्बाद करने का काम कर दिया है। उन्होंने कहा कि योगी मोदी ने सरकार को टाटा व अंबानी को बेच दिया है इसलिए तो हर चीज का लाभ कारोबारियों को मिलता है। उन्होंने इस सरकार को किसानों की हत्यारी सरकार बताया है।

जयंत चौधरी ने घोषणा की है कि 2022 में राष्ट्रीय लोक दल की सरकार बनेगी तो किसानों का पिछला बिल पूरे प्रदेश में माफ करने का काम किया जाएगा एवं बिजली का बिल आधा किया जाएगा। आगरा में फूड प्रोसेसिंग व्यापार उद्योग में 12000 करोड़ इन्वेस्ट किए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बताया किसानों का आलू और किसानों से सरकार खरीदेगी और खरीद कर अंतोदय कार्ड धारकों को राशन के साथ आलू का वितरण करेगी। 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बताया कि अभी बातचीत चल रही है लेकिन गठबंधन की बात से इनकार भी नहीं किया गया।हो सकता है राष्ट्रीय लोक दल 2022 चुनाव समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर लड़े।