Home » रामवीर उपाध्याय बसपा से निलंबित, चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप

रामवीर उपाध्याय बसपा से निलंबित, चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा को फ़ायदा पहुंचाने का आरोप

by pawan sharma

आगरा। बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय पर बसपा सुप्रीमो का चाबुक चल गया है। पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय को बसपा पार्टी से निलंबित कर दिया गया है और विधानसभा में मुख्य सचेतक पद से भी हटा दिया है। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय पर कार्यवाही का पत्र बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल ने जारी किया और निष्कासन की जानकारी दी। इस पत्र के माध्यम से पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के निलंबन का कारण लोकसभा चुनाव 2019 में विरोधी पार्टी के लिए काम करना बताया गया है। इस पूरे मामले की पुष्टि बसपा जोनल को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने भी की है।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल गौतम ने जारी किये पत्र में लिखा है कि रामवीर उपाध्याय का कार्य इस चुनाव में गम्भीर अनुशासनहीनता का रहा है। इसलिए उन्हें बहुजन समाज पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी के सचेतक पद से भी हटाया जाता है। अब बहुजन समाज पार्टी के किसी भी कार्यक्रम या मीटिंग में भाग नहीं लेंगे और न ही आमंत्रित किया जाएगा।

बसपा जोन को-ऑर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ ने अपनी प्रतिक्रियाए देते हुए कहा कि रामवीर उपाध्याय के बारे में जारी किया गया पत्र सही है। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, वह सही है। आप लोगों के सामने प्रमाण है। इस चुनाव के दौरान उनके भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल से गले मिलते हुए अखबारों में फोटो छापे थे। अलीगढ़ में प्रेसवार्ता करके उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के लिए अपील की थी। चुनाव के दौरान उन्होंने बसपा के लिए नही बल्कि भाजपा के लिए काम किया था इसलिए बसपा ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है।

बसपा पार्टी ने भले ही रामवीर उपाध्याय पर कार्यवाही कर दी हो लेकिन उनकी पत्नी और पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय पर अभी कोई स्थिति साफ नही की है। फिलहाल वो अभी पार्टी में बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Comment