Agra. एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के मोती महल के क्षेत्रीय लोगों पर एक बार फिर उनके सपनों के घर टूटने की समस्या का डर मंडराने लगा है। आगरा रेल मंडल की ओर से उन्हें नोटिस थमाये गए हैं। अपनी इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोग पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल सिंह के आवास पर पहुँचे और अपनी समस्याओं से रूबरू कराया। लोगों ने पूर्व विधायक से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग उठाई।
क्षेत्रीय निवासी नीतू ने पूर्व विधायक डॉक्टर धर्मपाल को बताया कि बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपने सपनों का घर बनाया है। अब रेलवे उसे अपनी जमीन बता कर उनके आशियाने को तोड़ना चाहता है। पहले से ही कोरोना संक्रमण के कारण लोग आर्थिक रूप से कमजोर हो चुके हैं। दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। सरकार और स्थानीय रेल प्रशासन उनकी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। ऐसे में अगर उनके मकान टूटेंगे तो वह कहां जाएंगे।
पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल ने पीड़ित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वो उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। उनके घर उजड़ने नहीं दिए जाएंगे चाहें उन्हें किसी भी हद तक जाना पड़े। अगर सरकार अपनी मनमानी करेगी तो घटना स्थल पर ही धरना प्रदर्शन करेंगे। जब तक हमारी मांगे पूरी नही होंगी तब तक हम नही हटेंगे। इस आश्वासन को सुन क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व विधायक को धन्यवाद दिया।