आगरा। एत्मादपुर विधान सभा के बरहन क्षेत्र के गांव मुर्थर अलीपुर निवासी धीरेन्द्र की पत्नी सोनम देवी उम्र 28 वर्ष को शनिवार अल सुबह करीब चार बजे प्रसव पीड़ा हुई थी। पीड़ा होने पर धीरेन्द्र अपनी पत्नी सोनम को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आहरन लेकर पहुंचा। वहां उपस्थित डॉक्टर ने 1 घंटे उपचार करने के बाद कहा कि अभी प्रसव होने में समय हैं। वह कुछ समय बाद वापस आए। धीरेंद्र अपनी पत्नी को वापस घर ले आया।सुबह करीब 9:00 बजे सोनम को पुनः प्रसव पीड़ा हुई तो वह आहरन स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। जहां उपस्थित डॉक्टर ने उपचार करने से हाथ खड़े कर दिए और कहा कि महिला के हालत ठीक नहीं लग रहे। उन्होंने आगरा या एत्मादपुर लेकर जाने की सलाह दी। तभी स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात आशा नीरज अपने साथ लेकर एत्मादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर ले जाने लगी।
नगला गोल पहुंचते ही आशा नीरज ने मृतका के पति धीरेंद्र से कहा कि बरहन में रिटायर्ड आशा उर्मिला देवी का हॉस्पिटल है। वहां कम खर्चे में प्रसव आसानी से हो जाएगा। परिजन सोनम को लेकर करीब 12:30 बजे वहां पहुंच गए। मृतका के पति धीरेंद्र ने बताया कि डॉक्टर ने बिना कोई जानकारी किए 2 इंजेक्शन लगाए थे। इंजेक्शन लगाने के बाद सोनम की हालत खराब हो गई। अनान फानन में झोलाछाप आशा ने आगरा ले जाने के लिए बोला। इस बात पर सोनम के पति धीरेंद्र ने कहा कि अब इस स्थित में कहां लेकर जाएगा। या तो आप साथ चलो तो वह साथ लेकर जा सकते हैं। इसी दरमियान अन्य झोलाछाप डॉक्टर भी वहां पहुंच गया। उसने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है। जानकारी होने पर मृतका के परिजन पहुंच गए और 100 नंबर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घर में खुशी थी कि नन्हा मेहमान आएगा, लेकिन किसी को क्या पता था कि त्यौहार के दिन परिवार ही उजड़ जाएगा। मृतक सोनम के पास कुल तीन संतान हैं। जिनमें मानसी उम्र सात वर्ष, मानवी उम्र 5 वर्ष, कार्तिक उम्र 2 वर्ष है। सभी बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।