आगरा। हिंदूवादी नेता प्रवीण तोगड़िया आज सोमवार शाम को आगरा पहुंचे जहां समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान तोगड़िया विपक्षियों पर जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तो सेक्यूलर भी हिंदू बन रहे हैं, इससे बेहतर और क्या हो सकता है। साथ ही उन्होंने अपने संगठन का लक्ष्य एक करोड़ हिंदुओं को जोड़ने का बताया। प्रवीण तोगड़िया कल मंगलवार को अपने सभी कार्यकर्ता और संगठन पदाधिकारियों से मिलेंगे।
अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले हिंदू नेता प्रवीण तोगड़िया सोमवार को आगरा पहुंचे। ताज नगरी पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया और कार्यकर्ता में जोश देखने को मिला। अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर बरसते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अब तो अखिलेश और राहुल भी हिंदू बन रहे हैं। साथ ही योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी में इस समय राम राज्य है और आगामी चुनाव के बाद भी रामराज्य ही आएगा। प्रवीण तोगड़िया 2 दिन के आगरा प्रवास पर हैं। कल वह अपने कार्यकर्ता, पदाधिकारियों से मिलने के बाद खंदौली स्थित एक मैरिज होम में प्रेस वार्ता भी करेंगे।