Home » छेड़छाड़ का मुकदमा नहीं लिख रही थी पुलिस, पीड़ित महिला ने लगाई फांसी, दरोगा निलंबित

छेड़छाड़ का मुकदमा नहीं लिख रही थी पुलिस, पीड़ित महिला ने लगाई फांसी, दरोगा निलंबित

by admin

Agra. महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के प्रति आगरा पुलिस कितना संजीदा है, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है कि छेड़छाड़ से परेशान महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे आहत होकर महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव कमरे के अंदर कुंडी से लटकता मिला।

मृतका के ससुर का कहना है कि दो दिनों से बहू छेड़छाड़ करने वाले आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रही थी। कल दो बार थाने गए, लेकिन पुलिस ने डरा धमकाकर भगा दिया। सुनवाई न होने पर बहू ने सुसाइड कर लिया। पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज मृतका के परिजन धरने पर बैठ गए हैं। वे शव को उठाने से मना कर रहे हैं।

वहीँ सूचना पर ACP एत्मादपुर रवि गुप्ता मौके पर पहुंचे। वे परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन परिजन दोषियों पर कार्रवाई की बात पर अड़े हैं। इस मामले में लापरवाही बरतने पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। पूरा मामला खंदौली थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित परिवार के मुखिया स्वराज बाबू ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अनिल गुजरात में नौकरी करता है। घर पर बहू शारदा (25) और 5 साल का पोता रहता है। छोटा बेटा गांव के बाहर रहकर नौकरी करता है। स्वराज बाबू ने बताया कि बुधवार की शाम वह अपने छोटे बेटे देवेश के पास से घर लौट रहे थे। अपनी बहू को फोन कर गांव के बाहर मंदिर के पास आने को कहा था।

‘शाम करीब 7 बजे का समय था। मेरी बहू मंदिर के पास ही मेरा इंतजार कर रही थी। तभी वहां पर गांव का लड़का आ गया। उसने बहू के साथ छेड़खानी की। उसका हाथ पकड़ लिया। जब शारदा ने इसका विरोध किया तो उसे खींचकर अपने साथ ले जाने लगा। चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग आ गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक वहां से भाग निकला।’

पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि बहु ने इस घटना की जानकारी दी तो बहुत रात हो गयी थी। इसलिए दोनों ने बुधवार को थाने में शिकायत नहीं की। अगले दिन गुरुवार दोपहर दोनों थाने में शिकायत लेकर गए। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने शिकायत नहीं दर्ज की, बल्कि उन्हें हड़काकर वापस लौटा दिया।

‘इसके बाद गुरुवार शाम को दोबारा बहू और ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचा। दरोगा अर्जुन सिंह थे। उन्होंने झूठी रिपोर्ट लिखे जाने की बात कहकर चालान काटने की धमकी दी। डरकर हम लोग भी घर लौट आए। बहू परेशान थी। अपने कमरे में जाकर सो गई। पोता मेरे साथ सो रहा था। आज सुबह काफी देर तक बहू नहीं उठी तो आवाज दी। काफी देर तक कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद खिड़की से झांक कर देखा तो बहू फंदे से झूल रही थी। कहीं पर भी सुनवाई नहीं होने पर बहू ने आत्महत्या कर ली।’

DCP सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि महिला के आत्महत्या की खबर मिली है। इसमें पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। शुरुआती जांच कराई जा रही है। लापरवाही बरतने पर दरोगा अर्जुन सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिजनों को समझाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Comment