आगरा। प्रातः जब आप नल खोलेंगे तो उसमें से निकलने वाले पानी का आचमन कर हर-हर गंगे जरूर कहिए। क्योंकि बुधवार प्रातः जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से पोषित क्षेत्रों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। चूंकि सिकंदरा वाटरवर्क्स से पहले ही गंगाजल की आपूर्ति हो रही है। इसलिए अब पूरे शहरवासियों को गंगाजल मिल रहा है। मंगलवार शाम को महापौर नवीन जैन ने जीवनीमंडी वाटरवर्क्स में 90 एमएलडी फिल्टर प्लांट का विधिवत उद्घाटन कर गंगाजल फिल्टरेशन की प्रक्रिया शुरू की। जिसके बाद बुधवार सुबह से ही जीवनी मंडी वाटर वर्क्स गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
जीवनी मंडी वाटर वर्क्स पर 90 एमएलडी जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन करने से पूर्व महापौर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने जलकल के अधिकारियों के साथ रॉ वॉटर प्लांट का निरीक्षण किया और देखा कि किस तरह से वहां गंगाजल को एकत्र कर शोधन के लिए फिल्टर प्लांट पर भेजा जा रहा है। इस दौरान जलकल अधिकारियों ने गंगाजल के शोधन और उसकी आपूर्ति को लेकर कुछ समस्याएं भी सामने रखी जिसको तत्काल संज्ञान में लेते हुए महापौर नवीन जैन ने अपने सामने ही इन समस्याओं का समाधान किया। उसके बाद जलकल अधिकारियों ने महापौर को आश्वस्त किया कि अब गंगाजल आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं आएगी और बुधवार प्रातः से ही शहरवासियों को गंगाजल उपलब्ध हो जाएगा।
सभी समस्याओं को दूर करने के बाद ही महापौर नवीन जैन ने 90 एमएलडी फिल्टर प्लांट का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन करने के बाद महापौर ने विधिवत पूजन कर नारियल फोड़ा और मशीन का बटन दबाकर जल शोधन संयंत्र का शुभारंभ किया। शुभारंभ होते ही जीवनी मंडी वाटरवर्क्स पर आने वाले गंगाजल के शोधन की प्रक्रिया शुरू हो गई।
मीडिया से मुखातिब होते हुए महापौर नवीन जैन ने बताया कि 3-4 दिन पहले जीवनी मंडी वाटर वर्क्स में गंगाजल आना शुरू हो गया था लेकिन इसके बावजूद गंगाजल की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इसलिए उन्होंने नगर आयुक्त, जलकल अधिकारियों और पार्षदों के साथ जीवनी मंडी वाटरवर्क्स का निरीक्षण किया। कुछ समस्याएं सामने आई जिसका हमने त्वरित समाधान करते हुए आज 90 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की शुरुआत की है और मुझे पूरी उम्मीद है कि बुधवार सुबह से ही जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से पोषित क्षेत्रों में जोनल पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
महापौर ने बताया कि जीवनी मंडी वाटरवर्क्स में गंगाजल पहुंच जाने के बावजूद कुछ तकनीकी कारणों की वजह से जल आपूर्ति शुरू नहीं हो पा रही थी। अब तमाम बाधाओं को दूर कर लिया गया है। महापौर ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा पूरे आगरा शहर में यह गंगाजल की सप्लाई नियमित हो। इसलिए इस दौरान जो भी छोटी-मोटी समस्याएं आ रही है या आएंगी उन्हें भी जल्द दुरुस्त किया जाएगा। सप्लाई तंत्र को मजबूत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आगामी महीने में कई वार्डों में भूमिगत जलाशय और टंकी का निर्माण प्रारंभ होने की उम्मीद जताई।
वहीं नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में 90 एमएलडी गंगाजल में 30 एमएलडी यमुना जल का मिश्रण करते हुए जल आपूर्ति की जाएगी। 1 सप्ताह बाद अगले 1 सप्ताह तक केवल 90 एमएलडी गंगा जल की आपूर्ति की जाएगी। क्योंकि 45 एमएलडी क्षमता की एक यूनिट पर जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण करने हेतु शटडाउन लिया जाएगा। इस प्रकार 2 सप्ताह बाद 135 एमएलडी गंगा जल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
महापौर नवीन जैन ने आगरा में गंगाजल सप्लाई शुरू होने पर सांसद एस. पी. सिंह बघेल, राज्यमंत्री डॉ जीएस धर्मेश, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक रामप्रताप चैहान आदि का आभार व्यक्त किया। जिन्होंने आगरा वासियों को गंगाजल दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
इस मौके पर नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, जलकल जी एम आर एस यादव, जल निगम के जनरल मैनेजर पीयूष पंकज, प्रोजेक्ट मैनेजर आरके पंकज, मुख्य अभियंता जल निगम आरके गर्ग, जलकल सचिव अनवर ख्वाजा, पार्षदों में मोहन सिंह लोधी, प्रकाश केसवानी, अनुराग चतुर्वेदी, सविता अग्रवाल, रवि शर्मा, हरिओम अग्रवाल, अमित ग्वाला आदि मौजूद रहे।