Agra. शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे नग्न अवस्था में महिला का मिले अधजले शव की शिनाख्त में पुलिस दिन-रात जुटी हुई है। पुलिस इस मामले के खुलासे और युवती के हत्यारों तक पहुंचने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। शुक्रवार रात 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक के बीच कैमरे में कैद हुई 1100 गाड़िया का डाटा मिला है जो उस वक्त खंदौली टोल प्लाजा से निकली थी। पुलिस इन सभी गाड़ियों की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस को एक गाड़ी पर शक गहराया है। यह गाड़ी 2:45 बजे खंदौली टोल से 500 मीटर पहले यू टर्न लेकर गलत दिशा से खंदौली इंटरचेंज से नीचे उतरी थी।
शनिवार की सुबह जिस युवती का शव मिला था उसके पैरों में कांसे के बिछुए थे। आमतौर पर युवतियां चांदी के बिछुए पहनती हैं। नई शादी होती है तो फेरों के समय कांसे के बिछुए पहनाए जाते हैं। कुछ दिन बाद उन्हें उतार कर चांदी के बिछुए बनाए जाते हैं। इसलिए पुलिस यह मान रही है कि जिस युवती की हत्या हुई है। वह नवविवाहिता है। पुलिस को इस हत्याकांड में दो लोगों पर शक है। पहला मृतक का पति और दूसरा शादी से पहले का कोई आशिक। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले के खुलासे में जुटी हुई है। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम ग्रह में सुरक्षित रखवाया हुआ है।
थाना प्रभारी खंदौली अरविंद ने बताया कि पुलिस ने इनररिंग रोड टोल प्लाजा और खंदौली टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी है। रात 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे के बीच 1100 गाड़ियां गुजरी हैं। एक-एक गाड़ी के बारे में पता लगाया जा रहा है। इस पूरे कार्य मे 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। पुलिस का शक रात 2:45 बजे गलत दिशा में खंदौली इंटरचेंज से नीचे उतरी कार पर है, कार बहुत तेजी में थी। एक ट्रक से टकराते टकराते बची भी है। उसी गाड़ी के बारे में पता लगाया जा रहा है।
अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…
https://chat.whatsapp.com/K7TYmtMzREv5Os7R2Lgzy8