Agra. राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर आगरा कॉलेज एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स आगरा किला के मुख्य द्वार पर पहुँचे। यहाँ पर कैडेट्स ने अतिथि देवो भव: की प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं परंपराओं का अनुसरण करते हुए हाथ जोड़कर आगरा किले का भ्रमण करने के लिए आये पर्यटकों का स्वागत किया और पुष्प देकर अभिनंदन किया।
एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक स्मारकों के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित करना व इनकी सुरक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर कैडेट्स ने पर्यटकों को भारत के विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों एवं उनसे जुड़ी हुई भारत की प्राचीन सभ्यता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत के यह प्राचीन स्मारक हमारी संस्कृति के द्योतक हैं। इनको देखकर हम अपने गौरवमयी इतिहास पर गर्व करते हैं।
भारत के विभिन्न प्रांतों से एवं विश्व के अनेक देशों से आने वाले पर्यटक, अपने इस स्वागत एवं सत्कार को देखकर अभिभूत थे। उन्होंने कैडेट्स के इस अतिथि सत्कार की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बताया जाता है कि देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाये जाने की शुरुआत हुई थी। इस बार इसकी थीम ‘देखो अपना देश’ रखी गई है, जिससे कि भारतीय पर्यटक विदेश की बजाय अपने देश में भ्रमण पर निकलें, जिससे कोरोना काल से प्रभावित पर्यटन उद्याेग को संजीवनी मिल सके। इससे देश की अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के आयोजन देश की अर्थव्यवस्था में पर्यटन के योगदान व महत्व को दर्शाने के लिए मनाया जाता है। देश के पर्यटन में आगरा का महत्वपूर्ण योगदान है। भारत घूमने वाले करीब 60 फीसद विदेशी पर्यटकों की आइटनरी में ताजमहल शामिल होता है। ताजनगरी का पर्यटन कारोबार करीब पांच हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का है। वर्ष 2019 में करीब 60 लाख देसी-विदेशी पर्यटक आगरा आए थे। वर्ष 2020 कोरोना की भेंट चढ़ गया। करीब 13 लाख देसी-विदेशी सैलानी ही यहां आ पाए। वर्ष 2021 में राष्ट्रीय पर्यटन दिवस से पूर्व ही आगरा को डोमेस्टिक फ्लाइट की सौगात मिली है। इससे पर्यटन कारोबारियों को डाेमेस्टिक टूरिज्म के बढ़ने की आस जगी है।
इस अवसर पर एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर ले. अमित अग्रवाल, डॉ संध्या अग्रवाल, राजीव कुमार गर्ग, एसयूओ आशुतोष कुमार, शुभम यादव, विश्वजीत सिकरवार, तनिष्का माथुर, सुरभि राजपूत, धीरज सोलंकी, लव कुश गोला, आराध्या चौधरी, प्रियांशु सिंह, प्रशांत चौधरी, रितेश परिहार आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अगर आप हमारे न्यूज़ ब्रेकिंग के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ना चाहते हैं तो इस लिंक पर क्लिक करके हमें सपोर्ट करें, धन्यवाद…
https://chat.whatsapp.com/K7TYmtMzREv5Os7R2Lgzy8