Home » बुधवार सुबह ताज़महल में अदा होगी नमाज़, सिर्फ 50 नमाज़ी को ही मिलेगा प्रवेश

बुधवार सुबह ताज़महल में अदा होगी नमाज़, सिर्फ 50 नमाज़ी को ही मिलेगा प्रवेश

by admin
Namaz will be offered in Taj Mahal on Wednesday morning, only 50 Namazi will get entry

आगरा। कल बुधवार सुबह 8:30 बजे ताजमहल में ईद-उल-अजहा की नमाज होगी। जिला प्रशासन और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने मंगलवार को नमाज की सशर्त अनुमति दे दी है। नियम के मुताबिक सिर्फ 50 नमाज़ी ही ताजमहल के अंदर शाही मस्जिद में नमाज़ कर सकेंगे। इस दौरान नमाजियों को कोरोना की गाइडलाइन का भी पालन करना होगा।

बता दें कि, कोरोना संक्रमण की वजह से दो ईद-उल-फितर और एक ईद-उल-अजहा की नमाज ताजमहल की शाही मस्जिद में नहीं हुई थी। मगर, कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ही ताजमहल भी पर्यटकों के लिए अनलॉक हुआ है। इसलिए ताजमहल इंतजामियां कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद इब्राहिम जैदी ने एएसआई और जिला प्रशासन से ईद-उल-अजहा पर शाही मस्जिद में नमाज की अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। यूपी सरकार के ईद की नमाज को लेकर आए निर्देश के बाद मंगलवार दोपहर जिला प्रशासन ने ताजमहल की शाही मस्जिद में नमाज पढ़ने की अनुमति ताजमहल इंतजामियां कमेटी को दे दी है।

ताजमहल इंतजामियां कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद इब्राहिम जैदी ने बताया कि, कोरोना संक्रमण की वजह से तीन ईद के अवसर पर शाही मस्जिद में नमाज नहीं हुईं थीं। जिला प्रशासन ने शाही मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए 50 नमाजियों को अनुमति दी है। इस बारे में एडीएम सिटी और एएसआई के अधिकारियों से भी बात हो चुकी है। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे ताजमहल की शाही मस्जिद में नमाज होगी जिसमें ताजगंज के ही नमाज़ी शामिल होंगे।

एडीएम सिटी डॉक्टर प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि, कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए ताजमहल में नमाज की अनुमति दी गई है। ताजमहल परिसर में स्थित शाही मस्जिद में 50 नमाजी ही नमाज में शामिल होंगे।

Related Articles