Home » नगर निगम ने निःशुल्क डस्टबिन वितरण के जरिये हॉउस टैक्स जमा करने के लिए किया प्रेरित

नगर निगम ने निःशुल्क डस्टबिन वितरण के जरिये हॉउस टैक्स जमा करने के लिए किया प्रेरित

by admin

आगरा शहर की 20 लाख से अधिक की आबादी है लेकिन इसके अनुरूप नगर निगम को हाउस टैक्स नहीं मिल पा रहा है। हाउस टैक्स जमा करने के प्रति शहरवासियों को जागरूक बनाये जाने और उनसे हाउस टैक्स जमा कराए जाने को लेकर निगम जन जागरूकता अभियान भी चला रहा है। शहर के लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के प्रति प्रोत्साहित करने को नगर निगम ने फ्री में 3 डस्टबिन देने की योजना की शुरुआत की है। वार्ड 75 आवास विकास कॉलोनी में सेक्टर 9 स्थित मेयर कैंप कार्यालय से डस्टबिन वितरण योजना की शुरुआत हुई। इस कार्यालय पर इस साल की हाउस टैक्स जमा की रसीद दिखाने पर लोगों को फ्री में डस्टबिन दिए गए।

इस दौरान मेयर कैम्प कार्यालय पहुँचे लोगों ने अपना हाउस टैक्स भी जमा किया। निगम द्वारा 60 हजार का हाउस टैक्स भी प्राप्त किया। लोगों ने टैक्स जमा करके उसकी रसीद दिखाने के बाद हरा, नीला और लाल रंग के तीन डस्टबिन अपने घर ले गए। बताया जाता है कि नगर निगम ने सीएसआर फंड से 3 करोड़ 10 लाख के बजट से घरों के लिए हरे नीले और लाल रंग के डस्टबिन वितरण करने के लिए खरीद की है। पहले चरण में 30 हज़ार घरों के लिए डस्टबिन आए हैं।

वार्ड 75 की पार्षद सुषमा जैन ने सेनेटरी इंस्पेक्टर संजीव यादव और राघवेंद्र सिंह के साथ डस्टबिन वितरित किये। उन्हें हाउस टैक्स समय से जमा करने के प्रति जागरूक किया। वार्ड 75 से यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्रीय पार्षद भी काफी उत्साहित हैं। उनका कहना था कि नगर निगम का यह प्रयास सराहनीय है। नगर निगम द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने के साथ-साथ हाउस टैक्स के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी काम किया जा रहा है जिससे समय से लोग अपना हाउस टैक्स नगर निगम में जमा कर सकें।

नगर आयुक्त अरुण प्रकाश का कहना था कि जोन व वार्ड वाइस कार्यालय पर डस्टबिन बांटने की व्यवस्था की गई है। जो लोग 2019-20 के हाउस टैक्स जमा की रसीद दिखाएंगे उन्हें तीन डस्टबिन फ्री में दिए जा रहे है। इसका कोई पैसा भी नहीं लिया जाएगा। यह निशुल्क है और शहर में हर घर को यह डस्टबिन मिलेंगे लेकिन उसके लिए पहले उन्हें हाउस टैक्स जमा करने होगा।

Related Articles