Agra. किसानों और आम उपभोक्ता की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दक्षिणांचल पर विरोध करने वाले सपाइयों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। आगरा पुलिस ने डीवीवीएनएल पर प्रदर्शन के मामले सपा राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष मधु सूदन शर्मा, महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार सहित 131 लोगों पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया है। इसमें 31 लोग नामजद हैं और 100 लोगों को अज्ञात में दर्शाया गया है। पुलिस ने यह मुकदमा सरकारी कार्य में बाधा और कोविड नियमो को तोड़ने सहित 6 धाराओं में दर्ज किया है। पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने पर सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस सरकार में पीड़ितों की आवाज उठाना ही गुनाह हो गया है।
‘किसानों-उपभोक्ता की आवाज उठाने का मिला इनाम’
शहर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि किसानों और आम उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग करने के बदले में पुलिस द्वारा उन पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और अब पुलिस ने उन पर मुकदमा भी दर्ज कर दिया है। यह इनाम उन्हें अन्नदाता की विद्युत संबंधित समस्याओं को उठाने पर मिला है।
सरकार – पुलिस की ब्रिटिश हुकूमत से की तुलना
सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार ने पुलिस द्वारा जो कार्यवाही की गई उसको लेकर उन्होंने पुलिस और सरकार की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से की है उनका कहना था कि जिस तरह से ब्रिटिश शासन काल में अंग्रेज अफसर कोई भी गुनाह करता था तो उसके लिए सारे गुनाह माफ थे लेकिन उसकी सजा स्वतंत्रता सेनानियों को मिलती थी। उन्हें यातनाएं दी जाती थी और मुकदमे भी लिखे जाते थे, उसी तरह अब भाजपा भी पीड़ितों की आवाज उठाने पर यातनाएं दे रही है और मुकदमे लिखवा रही है।

पुलिस के दम पर टोरंट कर रही है अवैध उगाही
सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहा कि टोरंट गलत एसेसमेंट बनाकर बिल लोगों के घरों में भेज रही है और इस बिल को वसूलवाने का काम पुलिस करवा रही है। पुलिस के दम पर ही टोरेंट आम उपभोक्ता का शोषण कर रही है और उसमें पूरी सहभागिता पुलिस निभा रही है, क्योंकि टोरंट को भाजपा का पूरा संरक्षण है।
दक्षिणांचल भी चली टोरंट की शह पर
सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि दक्षिणांचल भी टोरंट के पद चिन्हों पर चल रही है। किसानों के पास अनाप-शनाप बिल बनाकर भेज रहा है। किसानो के ट्यूबल चल नहीं रहे हैं तब भी उनसे बिल वसूला जा रहा है। तमाम किसानों की समस्याएं विद्युत से संबंधित हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
तानाशाही के खिलाफ सपाई करते रहेंगे संघर्ष
सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि भाजपा सरकार उन्हें दबाने का कितना भी प्रयास करें लेकिन समाजवादी पार्टी का नाम ही संघर्ष है। समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता पीड़ितों की मदद के लिए खड़ा है और उनके लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को भी तैयार है। चाहे फिर पुलिस और सरकार उन पर कितने भी मुकदमे क्यों न लगा ले।