आगरा। 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन महिलाओं को विशेष रुप से उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है तो परिवार के लोग भी महिलाओं सप्रेम उपहार देकर उनका मनोबल बढ़ाते है। 8 मार्च को जहां एक तरफ पूरे विश्व में विश्व महिला दिवस मनाया जाएगा तो ऐसे में मोदी सरकार ने महिलाओं को एक अनूठा उपहार दिया है। संस्कृति मंत्रालय की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संस्कृति मंत्रालय ने महिलाओं के लिए देशभर के सभी संरक्षित स्मारकों में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की है।
शनिवार सुबह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की महानिदेशक उषा शर्मा द्वारा सूचना जारी की गई कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एएसआइ द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों में महिलाओं के लिए निशुल्क प्रवेश रहेगा। शनिवार को जैसे ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से यह सूचना जारी हुई तो महिलाओं के चेहरे पर अलग ही खुशी देखने को मिली।
कामकाजी महिलाओं का कहना था कि 8 दिसंबर रविवार को है, रविवार का दिन छुट्टी का है तो वह पूरे परिवार के साथ इस दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे। ऐसे में पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से ऐतिहासिक स्मारकों को महिलाओं के लिए निशुल्क रखा गया है तो पूरे परिवार के साथ एएसआई संरक्षित स्मारकों को घूमने का प्लान भी तैयार कर लिया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने महिला दिवस पर उन्हें अलग ही तोहफा दिया है। वहीं अन्य महिलाओं का कहना था कि विश्व महिला दिवस पर ऐसे उपहार मिलने से उनकी खुशी दुगनी हो जाती है लेकिन सरकार को इन उपहारों के साथ साथ आधी आबादी की सुरक्षा और उनके समान अधिकार देने के भी हर संभव प्रयास होते रहने चाहिए जिससे समाज की दूषित मानसिकता बदले और देश में व्याप्त लिंग अनुपात भी समान हो सके।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंकित नामदेव का कहना है कि संस्कृति मंत्रालय से महिला दिवस पर संरक्षित स्मारकों में महिलाओं के निशुल्क प्रवेश की सूचना आई है। विश्व महिला दिवस पर देसी विदेशी महिला पर्यटक बिना शुल्क दिए ही संरक्षित ऐतिहासिक स्मारकों का भ्रमण कर सकेगी।