Home » दिनदहाड़े सर्राफ की दुकान में बदमाशों ने की लाखों की लूट, ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां, सीसीटीवी में कैद

दिनदहाड़े सर्राफ की दुकान में बदमाशों ने की लाखों की लूट, ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां, सीसीटीवी में कैद

by admin

Agra. लोहामंडी थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार में उस समय अफरा तफरी मच गई जब दिनदहाड़े भरे बाजार अज्ञात बदमाश सर्राफा नारायण अग्रवाल की दुकान पर पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सर्राफा द्वारा शोर मचाने पर लोगों ने लुटेरों का पीछा किया तो जान बचाने के लिए लुटेरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए थे।

कनपटी पर तमंचा लगाकर लूट

घटना तीन बजे के आसपास की है। रोजाना की तरह बाजार ग्राहकों से गुलजार था। सर्राफ नारायण अग्रवाल दुकान पर ग्राहकों को सोने की चेन दिखा रहे थे। तभी अचानक से हेलमेट पहने दो बदमाश दुकान में घुसे और तेजी के साथ काउंटर और ग्राहकों के सामने रखी हुई चेन को उठा लिया। यह देख कर सर्राफ ने विरोध किया तो सर्राफ की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद सभी लोग डर के मारे शांत हो गए। बस इसी बीच लुटेरे वहां से भागने लगे। सर्राफ ने शोर मचाया तो कुछ लोगों ने पीछा किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

लगभग आधा दर्जन लोग हुए घायल

सर्राफ शोर मचाने पर बाजार के अन्य लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी करने का प्रयास किया। अपने आपको घिरता देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दीं। ताबड़तोड़ फायरिंग में कई लोग घायल हो गए तो कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। इस दौरान बदमाश अपने बाइक वाले साथी की मदद से फरार हो गए।

पुलिस ने की नाकाबंदी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और बदमाशों को पकड़ने के लिए शहर में नाकाबंदी शुरू करा दी लेकिन इस नाकाबंदी के बावजूद अज्ञात बदमाश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर प्रीतींदर सिंह ने खुद पीड़ित सर्राफ से वार्ता की और जल्द ही अज्ञात बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया।

सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

इस पूरी घटना के बाद एक सीसीटीवी वीडियो भी तेजी के साथ वायरल हुआ। यह सीसीटीवी घटना को अंजाम देने के बाद भागते हुए बदमाशों का था। इस सीसीटीवी में तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। एक बदमाश के पास बाइक है। दो बदमाश फायरिंग करते हुए भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। लगभग 10-12 सेकंड के इस वीडियो में अज्ञात बदमाशों के चेहरे तो साफ नजर नहीं आ रहे लेकिन वे अपने तीसरे साथी जो बाइक पर था। उसकी मदद से बाइक से फरार हो गए।

घायलों को कराया भर्ती

बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में घायल हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए एसएन अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उनका तुरंत उपचार शुरू कर दिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जो भी लोग इस घटना में घायल हुए हैं उन्हें एसएन में भर्ती करा दिया गया है। वह खुद घायलों से मिलने जाएंगे और इस घटना की जानकारी लेंगे।

सपा व्यापारी नेता ने खोला मोर्चा

दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना ने विपक्ष को भी पुलिस और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का मौका दे दिया। सपा के व्यापारी नेता विनय अग्रवाल घटनास्थल पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों के साथ पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के चलते पुलिस की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई।

सपा से जुड़े व्यापारी नेता विनय अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था अपराधियों के आगे नतमस्तक है इसलिए तो अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और दिनदहाड़े अपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि जल्द बदमाश नहीं पकड़े गए तो वह बाजार को बंद कर देंगे।

Related Articles

Leave a Comment