Lucknow. गुरुवार को लखनऊ में कथित पेगासस जासूसी कांड के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई जिसके बाद कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि पेगासस जासूसी मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ राज्यपाल आनंदी बेन पेटल को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आगे बढ़ने को लेकर कांग्रेसियों की पुलिस के साथ झड़प हो गयी और गिरफ्तार कर इको पार्क ले गई। अपने नेताओं की गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि वह पुलिस-प्रशासन से डरेगी नहीं बल्कि अपना संघर्ष जारी रखेगी।
गुरुवार को विपक्ष के नेताओं की फ़ोन टेपिंग को लेकर कांग्रेसियों का आज शांति मार्च का आयोजन था लेकिन इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने रात को ही प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के आवास को छावनी में बदल दिया और अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर दिया। हाउस अरेस्ट के बावजूद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समर्थकों के साथ निकले और गवर्नर आवास जाते वक्त पुलिस ने परिवर्तन चौक पर गिरफ्तार कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष व अन्य कांग्रेस नेताओ की गिरफ्तारी को लेकर कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया और कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोगों की निजता का सम्मान नहीं कर रही है। लल्लू ने कहा, ‘लोकतंत्र को दबाने के खिलाफ कांग्रेस अपना संघर्ष नहीं छोड़ेगी।’ बता दें कि पेगासस जासूसी मामला सामने आने के बाद विपक्षी दल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। विपक्ष संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) से इस मामले की जांच कराने की मांग कर रहा है। संसद के दोनों सदनों में इस मामले को लेकर हंगामा जारी है। जिसमें सरकार का कहना है कि उसने किसी की भी जासूसी नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि योगीराज में लोकतंत्र का सरेआम चीरहरण हो रहा है। लोगों की निजता पर हमला करना दर्शता है कि भाजपा बेहद डरी हुई है।