आगरा। ताजनगरी के सदर थाना क्षेत्र के शहीद नगर इलाके में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने मकान बेचकर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। बार बार अधिकारियों के यहां गुहार लगाने के बाद जब इन लोगों की सुनवाई नहीं हुई तो इन लोगों ने अपने मकानों के बाहर पोस्टर चस्पा कर दिए हैं और इन पोस्टरो पर साफ तौर पर लिख दिया है कि यह मकान बिकाऊ है।
दरअसल इन लोगों की पीड़ा है कि पूरे शहीद नगर इलाके में जगह-जगह नॉनवेज और मदिरा पान की दुकानें खुल गई है जिससे शाम होते ही यहां जाम से जाम टकराते हैं और सड़कें में मयखाना बन जाती हैं। ओपन बार की शिकायत कई बार शासन से लेकर प्रशासन को की गई। मगर स्थानीय अधिकारियों की बेशर्मी की पराकाष्ठा के चलते अब यह लोग यहां से पलायन कर रहे हैं।

इस परेशानी से आजिज यहां की महिलाएं, युवतियां, बच्चे और पुरुष अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। घर के बाहर पोस्टर चस्पा है। यह मकान बिकाऊ है। पलायन करने को मजबूर अब यह लोग उत्तर प्रदेश सरकार से और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगा रहे हैं। कि स्थानीय पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी हो जिससे यहां की बहन बेटियां और महिलाएं सुरक्षित जीवन यापन कर सकें।

लोगों का कहना है कि शहीद नगर इलाका नॉनवेज हब बन गया है। और बड़ी संख्या में यहां मदिरा की दुकान में स्थापित हो गई है। नियम कायदे और कानून का उल्लंघन कर यहां सारी हदें पार कर दी गई है। अधिकारियों को बार बार बताने के बावजूद यहां के रहने वाले लोगों की कोई सुनवाई नहीं हुई है।
खबरें मीडिया में चलने के बाद अब अधिकारी कुंभकरण की नींद से जागे हैं। क्षेत्राधिकारी सदर का कहना है एक बड़ी संख्या में अतिक्रमण है जिसके लिए अभियान चलाया जाएगा और जितनी भी अवैध दुकानें संचालित हैं। उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। मगर क्या आगरा की पुलिस इन लोगों की समस्या का निराकरण कर भी पाएगी या नहीं आने वाला वक्त बताएगा।