आगरा। ‘द ऑस्कर’ के प्रेजिडेंट जॉन बैली और उनकी पत्नी का स्वागत सत्कार करने के लिए आगरा पहुँचे सूबे के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा पत्रकारो से रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि 90 साल बाद कोई ऑस्कर प्रेसिडेंट भारत आये हैं। उप-मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ऑस्कर का एक ऑफिस मुंबई में खुल रहा है जिससे भारतीय फिल्म उद्योग को अलग पहचान मिलेगी। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि यूके और यूएसए के बाद भारत तीसरा देश होगा जिसमें ऑस्कर ऑफिस खुलेगा। ऑस्कर के मुम्बई ऑफिस में दादा साहब फाल्के की मूर्ति भी स्थापित की जाएगी।
इसके बाद 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत पर बोलते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की 5 साल की उपलब्धि यही रही है कि जो भी योजनाएं थी वह गरीब और जन-जन तक पहुंची है। इसलिए इस बार जातिवाद क्षेत्रवाद और धर्म के नाम पर वोट मांगने वालों को वोट नहीं मिला है। यह सारे बंधन टूटे हैं। हमारी लड़ाई बोर्ड के लिए 50% से ऊपर की थी और वह हमें मिला है।
गठबंधन पर बोलते हुए उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि जो बिना किसी विचारधारा के गठबंधन होते हैं उन्हें जनता नकार देती है और वे बहुत ही अल्पकालिक होते हैं, नतीजा आपके सामने है। दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल की 64 सीटें आई हैं जो एक बड़ी उपलब्धि है। अब केंद्र और प्रदेश में मौजूद डबल इंजन की सरकार में जो कार्य पहले रफ्तार से हो रहे थे अब और भी रफ्तार से होने लगेंगे। हमारे सिर्फ तीन ही मुद्दे रहेंगे विकास-विकास और विकास। पूरे प्रदेश में चुनाव के वक्त ना तो कोई हिंसा नहीं हुई, ना ही कोई बेईमानी की शिकायत आई जो कि पूरे चुनाव की एक बड़ी उपलब्धि है।