Home » बढ़ी तकरार : प्रियंका गांधी के निजी सचिव और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के ख़िलाफ़ दर्ज़ हुआ मुकदमा

बढ़ी तकरार : प्रियंका गांधी के निजी सचिव और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के ख़िलाफ़ दर्ज़ हुआ मुकदमा

by admin

यूपी में प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए चल रही बस पॉलिटिक्स की सियासत जोरों पर है लेकिन अब यह सियासत और गर्मा गयी है। मजदूरों के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से उपलब्ध कराईं गयी 1000 बसों के मामले में प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर एफआईआर दर्ज कराईं गयी है।

प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह पर लखनऊ आरटीओ आरपी द्विवदी ने हजरतगंज कोतवाली में धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि, बसों की सूची की जांच में ऑटो, एंबुलेंस व बाइक के नंबर मिले। वहीं, कुछ बसों के नंबर की पुष्टि नहीं हो पाई। कुछ बसों के नंबर चोरी के वाहन होने की भी आशंका है। यह कार्रवाई मुकदमा अपराध संख्या 145/20 आईपीसी की धारा 420, 467, 468 के तहत हुई है। वहीं यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विवेक बंसल के ख़िलाफ़ फतेहपुर सीकरी में धारा 188, 269 और महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जाता है कि बसों की सूची में गड़बड़ी की बात लगातार यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह कह रहे थे जिसकेे बाद से ही दिनभर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस की ओर से मुहैया करायी गयी सूची में मोटरसाइकिलों, तीन पहिया वाहनों, एक एंबुलेंस और निजी कारों के नंबर हैं। उन्होंने एक एंबुलेंस, एक कार और चार तीनपहिया वाहनों के पंजीकरण नंबर भी बताये। उन्होंने बताया कि यह ब्यौरा ‘एम परिवहन’ ऐप के जरिए हासिल किया गया है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने हालांकि इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि 1000 बसें हैं और अगर उत्तर प्रदेश सरकार को कोई संदेह है तो वह राज्य की सीमा पर वाहनों को सामने देखकर उनकी पुष्टि कर सकती है।

Related Articles