Agra. शिल्पग्राम में शनिवार की शाम बेहद खास रही। अलग-अलग गायकों की गायकी और उनके सुरों से सजे हुनर हाट के माहौल में संगीत का हर रंग दिखाई दिया। सुरमयी शाम की रौनक में चार चांद लगाने का काम किया केंद्रीय संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने। उन्होंने राजस्थानी लोक गायक पदम श्री उस्ताद अनवर खान मांगणियार के साथ मंच से प्रभु राम, कृष्ण और मीरा के भजन और राजस्थानी लोकगीतों को बेहतरीन तरीके से गाकर समां बांध दिया। ‘पधारो म्हारे देस’ को दर्शकों ने काफी सराहा। ये दोनों सहपाठी रहे हैं और पहले भी एक साथ मंच साझा किया है, लेकिन ये पहला मौका है जब आगरा में इन दोनों लोगों ने अपनी शायदार गायकी पेश की। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने हुनर हाट के गुण गाते हुए सरकार की तारीफों के पुल बांधे।
अब बारी थी मसहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की। संगीत से सजी शाम में कॉमेडी का तड़का जाने माने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने लगाया। राजू श्रीवास्तव ने अपने ख़ास अंदाज से लोगों को खूब हंसाया। लोगों की मिमिक्री का उनका अंदाज़ दर्शकों को काफी पसंद आया।
कॉमेडी के बाद एक बार फिर संगीत की बारी आई और सामने आए बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर रूप कुमार राठौर और उनकी सिंगर पत्नी सोनाली राठौर , जिन्होंने अपने गानों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। रूप कुमार राठौर ने बॉर्डर फिल्म का गाना ‘संदेशे आते हैं’ और रब ने बना दी जोड़ी फ़िल्म का गाना ‘तुझमें रब दिखता है यारा मैं क्या करूं’ गाकर सुरों की बारिश कर दी। इसके अलावा भी रूप कुमार राठौर ने अन्य कई शानदार गाने गाए। उन्होंने अपनी पत्नी और खूबसूरत आवाज़ की सिंगर सोनाली राठौर के साथ मिलकर भी कई सुपरहिट गाने गाए और हुनर हाट की शाम को रंगीन किया।