Agra. एक महिला और उसकी बेटी के पास अचानक से फोन पर अश्लील कॉल आने लगे। लोग उनसे पूछने लगे कि एक रात का कितना लोगी। यह सुनकर महिला और उसकी बेटी सदमे में आ गई। उन्होंने अपने परिवार को इस घटना की जानकारी दी और शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी ने साइबर सेल से जांच कराई तो इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। यह पूरा षड्यंत्र मां बेटी की योगा टीचर ने रचा था।
मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का है। योग टीचर ने पहले एक महिला पर डोरे डाले। महिला ने घास नहीं डाली तो उसकी युवा बेटी को जाल में फंसाने का प्रयास किया। वहां भी दाल नहीं गली और उलटा उसका घर आने-जाने पर पाबंदी लग गई। इससे वह खुन्नस मान बैठा। उसने मां बेटी को फेसबुक पर बदनाम कर दिया। उनकी एक फर्जी प्रोफाइल बनाई, उन पर उनके नंबर लिख दिए। उनकी बोली तक लगा दी। साइबर सेल ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के आंबेडकर पार्क जगदीशपुरा निवासी अनिकेत को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अश्लील हरकत और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा लिखा गया है। आरोपित का एक साथी दीपक फरार है। आरोपी ने साइबर क्राइम के लिए अपने परिचित दीपक का नेट कनेक्शन यूज़ किया था। वह विदेशी नंबर भी यूज़ करता है।
पुलिस ने बताया कि अनिकेत एक योग एकेडमी में योगा टीचर है। वहाँ पर जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी मां बेटी जाया करती थी। अनिकेत उन्हें भी योगा कराता था। धीरे-धीरे उनसे बातचीत करने लगा। मोबाइल नंबर ले लिए। फोन करने लगा। टिप्स देने लगा घर भी आने लगा। अचानक उसके व्यवहार में बदलाव आया। उसने पहले महिला से मजाक करना शुरू किया। उन्होंने उसे झाड़ दिया। उसके बाद उसने बेटी पर नजर डाली। उसे मैसेज करना शुरू कर दिया। यह बात बेटी है अपनी मां को बताई।
महिला ने योग टीचर को फटकार लगाई। उसके घर आना जाना बंद करा दिया। यह बात आरोपित को नागवार गुजरी, उसने बदला लेने की ठान ली। फेसबुक पर बनाई उसने महिला और उसकी बेटी के नाम से प्रोफाइल बनाई। उनके मोबाइल नंबर लिख दिए। इतना ही नहीं महिला के पति का नंबर भी लिख दिया और उस पर उनकी बोली लगा दी। सोशल साइट पर नंबर देखने के बाद मनचलों ने फोन करना शुरू कर दिया।
इस घटना से पूरा परिवार परेशान हो गया। समझ नहीं आया कि यह क्या हुआ। रातों की नींद उड़ गई, ऐसा लगा कि किसी ने गहरी साजिश रची है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी मुनिराज से शिकायत की उन्होंने साइबर सेल को जांच सौंप दी। पूरी मामले की जांच की और अनिकेत नाम के योगा टीचर को गिरफ्तार का जेल भेज दिया। इस घटना के खुलासे से महिला और उसकी बेटी भी सदमे में हैं कि आखिरकार एक टीचर ने उनके साथ इस तरह की घटना को अंजाम दिया।