आगरा। हंसी, ठिठोली, कविता की फुहार, गीत, संगीत और नृत्य का समागम। नारी शक्ति का सम्मान और कोरोना वायरस से बचाव के उपाय।
यह माहौल था वैचारिक जागरण मिशन ट्रस्ट द्वारा शुक्रवार को होटल आशादीप में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में। समारोह में ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित वार्षिक स्मारिका वैचारिक मन्थन का विमोचन गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया गया। भारतीय संस्कारों को समर्पित बहुरंगी स्मारिका का सम्पादन ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष प्रतिभा जिंदल ने किया है।
प्रतिभा जिंदल ने कहा कि महिलाएं आज के दौर में निरन्तर सशक्त होती जा रहीं है। उनके प्रति सम्मान भाव भी बढ़ा है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया गया। जिनमें शिक्षाविद डॉ वीना शर्मा, सांस्कृतिक क्षेत्र में कथक नृत्य गुरु ज्योति खंडेलवाल, नारी सशक्तिकरण के लिए समर्पित अपर्णा राजावत, समाजसेवी निर्मला सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ कैलाश सारस्वत ने कोरोना वायरस की जानकारी दी, उसके लक्षण और बचाव के उपाय बताए। सभी की कोरोना कि लेकर रही भ्रान्तियां भी दूर की।
मुख्य अतिथि केंद्रीय हिंदी संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ चंद्रकांत त्रिपाठी थे। उन्होंने होली को समरसता का पर्व बताया। राज्य महिला आयोग की सदस्या निर्मला दीक्षित ने महिलाओं को सशक्त होने का सही मूल्य समझाया। मातृ भारती की पालक रीना सिंह ने होली के पारम्परिक गीत गाकर भारतीय संस्कृति का परिचय दिया।
होली के शुभ अवसर पर साहित्यकार रमा वर्मा व ट्रस्ट की सचिव दीपिका अग्रवाल ने ढोलक पर होली के गीत गाये, कोषाध्यक्ष स्वीटी गोयल उपाध्यक्ष अनीता मित्तल ने सभी अतिथियों को चन्दन लगा कर स्वागत किया। कार्यकारिणी सदस्य श्वेता गोयल, खुशबु अग्रवाल, काजल बंसल ने अन्य व्यवस्थायें संभाली। वीनू मधुबाला, मनीषा, पूजा, निशा, रश्मी, संजू, रितू आदि ने सभी को होली पर आधारित तंबोला व अन्य गेम्स खिलाये।